
अपर जिलाधिकारी गीता सी.डी. ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
वक्ताओं ने परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर दिया जोर
हुब्बल्ली। पुरानी हुब्बल्ली के अरविंदनगर स्थित माता हुलिगेम्मा देवी मंदिर में कार्तिक दीपोत्सव मनाया गया। धारवाड़ की अपर जिलाधिकारी गीता सी.डी. ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवन में धार्मिक आयोजन और सत्संग मानसिक तनाव कम करने में सहायक हैं। तहसीलदार महेश गस्ते ने आस्था को आंतरिक प्रकाश का माध्यम बताया, जबकि स्वर्ण समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. सी.वी.एस.वी. प्रसाद और कांग्रेस जिला अध्यक्ष सदानंद डंगनवर ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने तथा सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
डॉ. हुलिगेम्मा पोसा अम्मा ने आशीर्वचन देते हुए श्रद्धालुओं से मंदिर के धार्मिक आयोजनों में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान किया गया। सुधीर काकड़े, डॉ. डी.टी. पाटील सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित थे।