24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / ,,,,,पेज-05 की लीड,,,,, उत्तर प्रदेश के धान से गुलजार हुआ रायचूर का बाजार, 15 दिन में चावल के भाव 2,000 रुपए टूटे

,,,,,पेज-05 की लीड,,,,, उत्तर प्रदेश के धान से गुलजार हुआ रायचूर का बाजार, 15 दिन में चावल के भाव 2,000 रुपए टूटे

जयपुर

•

image

Newsdesk

•

Updated: 24 Nov 2026, 7:02 AM IST

- सूखे की आशंका के बीच अमेठी से 2,184 टन धान की आपूर्ति; बाहरी राज्यों से बढ़ी आवक ने मिल मालिकों की बढ़ाई चिंता, उपभोक्ताओं को मिली राहत

रायचूर. कर्नाटक के प्रमुख धान उत्पादक जिलों में शामिल रायचूर में इस बार मानसून की बेरुखी और तुंगभद्रा जलाशय में पानी की कमी ने धान उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय स्तर पर संभावित उत्पादन गिरावट और आगामी महीनों में धान की कमी की आशंका को देखते हुए चावल मिल मालिकों ने अब दूसरे राज्यों का रुख किया है। इसका नतीजा यह है कि उत्तर प्रदेश के धान ने रायचूर के बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। बाहरी राज्यों से बड़े पैमाने पर धान पहुंचने के साथ ही स्थानीय बाजार में चावल की कीमतों में भी अचानक गिरावट आई है।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र से मालगाड़ी के माध्यम से 12 खेपों में कुल 42 डिब्बों के जरिए 2,184 टन धान रायचूर पहुंचाया गया है। स्थानीय मिल संचालकों ने भविष्य में कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह खरीद की है। उत्तर प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और बिहार से भी धान की खरीद की जा रही है।

रायचूर और कोप्पल जिले लंबे समय से धान उत्पादन के प्रमुख केंद्र रहे हैं। रायचूर, सिंधनूर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में चावल मिलें संचालित हैं। यहां तैयार होने वाला चावल कर्नाटक के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों में भी भेजा जाता है। ऐसे में इस वर्ष स्थानीय उत्पादन में संभावित गिरावट ने पूरे चावल उद्योग को सतर्क कर दिया है।

15 दिनों में चावल के भाव में भारी गिरावट

बाहरी राज्यों से धान की आपूर्ति बढऩे का सीधा असर चावल के बाजार पर दिखाई देने लगा है। लगभग 15 दिन पहले जिस नए चावल का भाव 8,500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया था, वह अब घटकर करीब 6,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है। यानी महज दो सप्ताह में प्रति क्विंटल लगभग 2,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है।

दरअसल तुंगभद्रा जलाशय में पानी की कमी और सूखे की आशंका के चलते मिल मालिकों ने पहले से ही बड़ी मात्रा में धान खरीदना शुरू कर दिया था। इससे कुछ समय पहले चावल की कीमतों में तेजी आई थी। लेकिन अब आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और बिहार से लगातार हो रही आपूर्ति ने बाजार की स्थिति बदल दी है। पर्याप्त कच्चा माल उपलब्ध होने से चावल के भाव नीचे आने लगे हैं।

मिल मालिकों को चिंता, उपभोक्ताओं को राहत

चावल मिल मालिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सावित्री पुरुषोत्तम ने बताया कि बाहरी राज्यों से धान की आवक बढऩे के कारण चावल की कीमतों में करीब 2,000 रुपये प्रति क्विंटल की कमी आई है। उन्होंने कहा कि कीमतों में गिरावट से उपभोक्ताओं को राहत जरूर मिली है, लेकिन यदि धान के दाम में भी लगातार कमी आती रही तो केवल एक फसल पर निर्भर रहने वाले किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

धान के बाजार में भी गिरावट के संकेत

धान की कीमतों में भी नरमी दिखाई देने लगी है। छोटी सोना किस्म के धान का भाव शनिवार को घटकर 4,059 रुपये प्रति क्विंटल रह गया, जबकि 19 नवंबर को यही भाव 4,165 रुपये था। दो दिनों के भीतर इसमें लगभग 115 रुपये प्रति क्विंटल की कमी दर्ज की गई।

रायचूर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव आदप्पगौड़ा के अनुसार, शनिवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से कुल 39,501 क्विंटल धान मंडी में पहुंचा। उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों से बढ़ती आवक ही कीमतों में गिरावट का प्रमुख कारण है।

किसानों के सामने नई चुनौती

रायचूर के बाजार में उत्तर प्रदेश सहित दूसरे राज्यों के धान की बढ़ती मौजूदगी ने आपूर्ति की स्थिति को मजबूत किया है। इससे चावल खरीदने वाले उपभोक्ताओं को राहत मिली है, लेकिन स्थानीय किसानों के लिए कीमतों में गिरावट चिंता का विषय बन रही है। आने वाले दिनों में धान की वास्तविक पैदावार, बाहरी राज्यों से आपूर्ति और बाजार की मांग ही यह तय करेगी कि किसानों, व्यापारियों और चावल मिल उद्योग के लिए यह बदलाव कितना लाभकारी या चुनौतीपूर्ण साबित होगा।