वडोदरा. शहर में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को वडोदरा क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने रात के समय बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चुराए थे। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषण बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, शहर में घरफोड़ चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमर तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त निलेश जाजड़िया के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय थीं। डीसीपी हिमांशु कुमार वर्मा और एसीपी के.जे. चावड़ा के निर्देशन में पुलिस टीम चोरी के मामलों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान क्राइम ब्रांच को मिली सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने अनिल ठाकोर (25) को हिरासत में लिया जो खोडियारनगर का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने बापोद क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाया था। उसने देर रात मकान का ताला तोड़कर चांदी के आभूषण चोरी किए थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से चांदी के छड़ा की एक जोड़ी, एक अन्य जोड़ा और दो लच्छियां बरामद की हैं। बरामद आभूषणों की कुल कीमत 13,580 रुपए बताई गई है। आरोपी चोरी के आभूषणों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और उनके बिल अथवा अन्य वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो बापोद थाने में दर्ज घरफोड़ चोरी का मामला सामने आया।
00000000000000
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अनिल ठाकोर के खिलाफ वडोदरा के बापोद, हरणी और वासणा थानों में घरफोड़ चोरी से जुड़े तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए बापोद पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया की है।