- राजकीय महाविद्यालय में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक
देवली. लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। इसी उद्देश्य से सोमवार को राजकीय महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन साक्षरता को प्रोत्साहित करने के लिए निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान के निर्देशानुसार आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान का महत्व, शुद्ध मतदाता सूचियों की आवश्यकता, निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन संबंधी संवैधानिक दायित्वों एवं जागरूक नागरिकता की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर ईएलसी प्रभारी दिनेश कुमार मीणा ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता में निहित है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण नागरिक दायित्व भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया को समझने तथा समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. पूरणमल वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सजग, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाना रहा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को निष्पक्ष निर्वाचन और शत-प्रतिशत मतदाता सहभागिता के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया।
देवली. मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थी।