
खिड़की-दरवाजे और लोकार्पण पट्टिका तक उखाड़ ले गए चोर
भवन परिसर बना कचरा संग्रहण स्थल
राजमहल. ग्रामीणों और किसानों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लाखों रुपए खर्च कर भवनों का निर्माण तो कर दिया जाता है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते ये भवन उपयोग में आने के बजाय बदहाली का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही मामला राजमहल कस्बे में किसान सेवा केंद्र एवं भू-अभिलेख पटवार भवन का सामने आया है। देवली सड़क मार्ग के निकट वर्ष 2015 में करीब 9 लाख रुपए की लागत से निर्मित यह भवन देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील होता जा रहा है।
भवन निर्माण के समय ग्रामीणों को उम्मीद थी कि यहां किसानों को कृषि संबंधी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही भू-अभिलेख से जुड़े कार्यों के लिए भी एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध होगी। लेकिन पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते निर्माण के बाद से ही भवन का उपयोग नहीं हो सका। धीरे-धीरे भवन की खिड़कियां और दरवाजे भी गायब हो गए। वर्तमान में भवन परिसर कचरा संग्रहण स्थल बना हुआ है। चारों तरफ गंदगी और कचरे के ढेर लगे हैं। वहीं भवन के कमरों का इस्तेमाल लोग शौचालय के रूप में करने लगे हैं। परिसर में बबूल की झाड़ियां उग आई हैं। इससे लाखों रुपए की सरकारी संपत्ति की बदहाली साफ नजर आ रही है।
लोकार्पण पट्टिका तक उखाड़ ले गए
ग्रामीणों ने बताया कि भवन के किवाड़, खिड़कियां ही नहीं, बल्कि नीचे लगी कोटा स्टोन की फर्श और दीवार पर लगी लोकार्पण पट्टिका तक चोर उखाड़कर ले गए। भवन के चारों तरफ अतिक्रमण कर लोगों ने पालतू पशुओं के गोबर के ढेर लगा रखे हैं। इससे परिसर की स्थिति और बदतर हो गई है।
ग्रामीणों का सवाल, किस काम आया सरकारी बजट?
ग्रामीणों का कहना है कि जब भवन का निर्माण किसानों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए किया गया था तो आज तक इसका उपयोग क्यों नहीं हुआ। करीब 9 लाख रुपए खर्च होने के बावजूद भवन अनुपयोगी पड़ा है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से भवन की साफ-सफाई करवाने, मरम्मत कराने और इसे किसानों एवं ग्रामीणों के उपयोग में लेने की मांग की है।
इनका कहना है
अभी मैंने पदभार ग्रहण किया है। जल्द ही ग्राम विकास अधिकारी से बात कर भवन की मरम्मत करवाने और किसानों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
— गोपी लाल खटाणा, सरपंच, ग्राम पंचायत राजमहल
फोटो कैप्शन: राजमहल में बदहाल हालत में पड़ा किसान सेवा केंद्र एवं भू-अभिलेख पटवार भवन। दीवार से लोकार्पण पट्टिका भी गायब।