
जयपुर/कुचामन। प्रदेश में गैंगस्टर्स का नेटवर्क किस कदर बेखौफ हो चुका है, इसकी गवाही कुचामन सिटी के एक व्यापारी को लगातार मिल रही धमकियां दे रही हैं। कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के गुर्गे नवीन बॉक्सर ने इस बार रंगदारी वसूली के लिए तकनीक और खौफ का नया तरीका अपनाया है। कॉल रिसीव न होने पर अपराधी ने एक के बाद एक कई वॉइस नोट भेजकर व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी है।
यह वीडियो भी देखें
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि 12 अप्रेल को उसके वाट्सऐप पर लगातार 9 बार कॉल किए गए। सुरक्षा कारणों से जब व्यापारी ने कॉल रिसीव नहीं किए, तो बदमाश ने चार वॉइस नोट भेजे। इन वॉइस नोट्स में व्यापारी से 5 करोड़ रुपए की मांग की गई है। बदमाश ने दुस्साहस दिखाते हुए कहा कि “चाहे जितने गार्ड लगा ले, बच नहीं पाएगा। 5 करोड़ दे दे, नहीं तो मार देंगे।”
तीसरी बार धमकी पर पुलिस के हाथ अब भी खाली। हैरानी की बात यह है कि व्यापारी को मिल रही धमकियों का यह सिलसिला रुक नहीं रहा है। इससे पहले भी वह बनीपार्क (जयपुर) और कुचामन सिटी में रंगदारी के दो अलग-अलग मामले दर्ज करवा चुका है।
लगातार मिल रही धमकियों से व्यापारी और उसका पूरा परिवार दहशत में है। रविवार को पीड़ित ने स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश और डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण से मुलाकात की और लिखित शिकायत सौंपी। व्यापारी ने अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी देते हुए तत्काल सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि इससे पहले 22 मार्च को आए कॉल में बदमाशों ने डराने के लिए खुली धमकी दी थी। कॉल करने वाले ने कहा था कि वे उसकी पूरी रैकी कर चुके हैं और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि पुलिस सुरक्षा भी बेअसर साबित होगी और उन्हें जैसे ही मौका मिलेगा, वे उसे जान से मार देंगे। इस कॉल के बाद व्यापारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।
उस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि व्यापारी को पहले से सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है और अब उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके बावजूद लगातार मिल रही धमकियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और व्यापारी परिवार पूरी तरह सहमा हुआ है।