13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan New Four Lane road : राजस्थान में यहां बनेगी फोरलेन सड़क, जल्द शुरू होगा निर्माण, पहले चरण में 575 करोड़ स्वीकृत

Rajasthan New Four Lane road : सावर क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सावर-केकड़ी-देवली फोरलेन सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सोमवार को सावर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रथम चरण में केकड़ी से वाया सावर देवली तक बनने वाली फोरलेन सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

2 min read
Google source verification

photo ai generator

अजमेर। सावर क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सावर-केकड़ी-देवली फोरलेन सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सोमवार को सावर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रथम चरण में केकड़ी से वाया सावर देवली तक बनने वाली फोरलेन सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही कार्यादेश जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत सड़क निर्माण के साथ पेयजल पाइपलाइन व विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित अन्य कार्यों के लिए कुल 575 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। दूसरे चरण में केकड़ी से वाया सरवाड़ नसीराबाद तक फोरलेन सड़क 500 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएगी।

विधायक गौतम ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में किए गए संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दावा किया कि उनके ढाई वर्ष के कार्यकाल में क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हुए हैं। राजकीय विद्यालयों में कक्ष निर्माण के लिए 55 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं, जबकि ग्रामीण सड़कों के विस्तार के लिए 448 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। इसके अलावा केकड़ी क्षेत्र में पेयजल योजनाओं पर 1046 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है।

पेयजल समस्या का होगा समाधान

विधायक गौतम ने बताया कि सावर क्षेत्र में पेयजल समस्या समाधान के लिए फिल्टर प्लांट का निर्माण कराया जाएगा और केकड़ी से सावर तक नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। साथ ही गुलगांव से सदारा, मेहरुकलां होते हुए बिसुन्दनी तक 30 करोड़ रुपए की लागत से चौड़ी पक्की सड़क का निर्माण होगा। ग्राम कुशायता में क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

पंचायत समिति व तहसील कार्यालय का निरीक्षण

वार्ता के बाद विधायक ने पंचायत समिति एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही 15 अप्रेल को उपखंड क्षेत्र के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।