
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। जयपुर शहर जिला कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं की मीटिंग जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास की अध्यक्षता में सपन्न हुई। मीटिंग में उपस्थित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयपुर शहर की लोकसभा उमीदवार ज्योति खण्डेलवाल का जोरदार स्वागत किया। बैठक में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रभारी विवेक बंसल, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल, मुख्य सचेतक महेश जोशी, विधायक रशीद खान, गंगा देवी, अमीन कागजी, अर्चना शर्मा, सीताराम अग्रवाल, पुष्पेन्द्र भारद्वाज, जयपुर महापौर विष्णु लाटा, मनोज मुदगल, विमल यादव सहित जयपुर के सभी वार्ड अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए परिवहन मंत्री खाचरियावास ने कहा कि देश की जनता के साथ प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा सरकार ने धोखा किया है। केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धि जीरो हैं, पेट्रोल-डीजल महंगा हो गया, भुखमरी और बेरोजगारी बढ़ गई, नोटबंदी ने काम-धंधे चौपट कर दिये, अच्छे दिन आये नहीं, 15 लाख मिले नहीं, भाजपा सरकार और भाजपा नेताओं को बताना चाहिये कि राममंदिर क्यों नहीं बना? धारा 370 क्यों नहीं हटी? गंगा की सफाई क्यों नहीं हुई? भाजपा की केन्द्र सरकार ने राफेल डील में भ्रष्टाचार किया, विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चौकसी और ललित मोदी हजारों करोड़ रुपए लेकर केन्द्र सरकार की मेहरबानी से भाग गये। जनता की सुनने वाला कोई नहीं है, चारों तरफ झंूठ और धोखाधडी चल रही है। अब वक्त आ गया है जब सभी 25 लोकसभा सीटें कांग्रेस पार्टी को जिताकर आम आदमी को अधिकार देने होंगे। खाचरियावास ने कहा कि जयपुर में ज्योति खण्डेलवाल की जीत तय है क्योंकि भाजपा के सांसद रामचरण बोहरा ने ना कोई काम किया, ना ही पांच वर्ष तक जनता की सुध ली।
ऑल इंडिया कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि राहुल गांधी का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है, भ्रष्टाचार और नफरत की राजनीति खत्म करने के लिये कांग्रेस पार्टी को जीताने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मेहनत करनी होगी।
इस अवसर पर ज्योति खण्डेलवाल ने कहा कि मैं जयपुर की बेटी हूं, जयपुर के नागरिकों के लिए हमेशा संघर्ष किया है, मुझे भरोसा है कि जयपुर की बेटी को जयपुर की जनता का आषीर्वाद पक्का मिलेगा और लोग मुझे जिताएंगे। इस अवसर पर शांति धारीवाल ने कहा कि अब धोखे की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलेगी, राजस्थान की सभी 25 सीटों पर कांग्रेस जीतेगी।