
जयपुर. चुनाव आचार संहिता लगने के बाद मतदान की घड़ी नजदीक होने के बावजूद जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में 989 लाइसेंसधारकों ने अब तक अपने हथियार थानों में जमा नहीं कराए हैं। हथियारों के जमा नहीं होने से प्रशासन की नींद उड़ गई है। कमिश्नरेट ने सभी थानों से उनके क्षेत्र स्थित लाइसेंसी हथियारधारक को ढूंढने के लिए कहा है। कमिश्नरेट आचार संहिता लागू होने के बाद हथियार जमा करने आने वालों का इंतजार करता रहा, लेकिन नामांकन पत्र दाखिल होने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ इन पर निगाह तेज कर दी है। कमिश्नरेट क्षेत्र में 7623 लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं। इनमें अभी तक 4960 लोगों ने ही संबंधित थानों में अपने हथियार जमा करवाए हैं।
1654 लोगों को कमेटी ने दी छूट
लोकसभा चुनाव आचार संहिता के तहत लाइसेंसी हथियारधारकों को भी अपने हथियार संबंधित थानों में जमा करवाने पड़ते हैं। कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि विशेष परिस्थितियों में लाइसेंसी हथियारों को थाने में जमा करवाने के मामले में छूट देने के लिए कमेटी बनी हुई है। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, समाज के प्रतिष्ठित लोग, पूर्व सैन्यकर्मी, बैंकों के गार्ड आदि करीब 1654 लाइसेंसी धारकों को कमेटी ने हथियार थानों में जमा करवाने के मामले में छूट दे दी है।
करेंगे लाइसेंस निरस्त
कमिश्नर ने बताया कि 989 लोगों के मामले में संबंधित थाना पुलिस संपर्क कर उनको हथियार थाने में जमा करवाने के लिए कह रही है। इसके बावजूद जो लाइसेंसधारी अपने हथियार नियमों के तहत जमा नहीं करवाएगें, उनके लाइसेंस निरस्त कर हथियार जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उधर, कमिश्ररेट की ओर से लापता लाइसेंस धारियों की सूची मिलने के बाद थानों ने अपने क्षेत्र में तलाशी भी तेज कर दी है।