जयपुर

राहुल की रैली के साथ प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में कांग्रेस

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
rajasthan congress
राहुल की रैली के साथ प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में कांग्रेस

जयपुर. नई दिल्ली. राजस्थान में भाजपा ने 16 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर बढ़त बना ली है तो कांग्रेस करीब 18 से 19 सीटों पर सहमति के बावजूद टिकट वितरण में देरी कर रही है। इसके पीछे प्रमुख कारण कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की राजस्थान में 26 मार्च को प्रस्तावित चुनावी रैली बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी 26 मार्च को जयपुर, बूंदी और श्रीगंगानगर में चुनावी रैली से प्रचार का आगाज करेंगे।

राहुल के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट शनिवार को ही दिल्ली से जयपुर पहुंच गए है। कांग्रेस के सामने हाल में विधानसभा चुनाव में मिली सफलता को कायम रखने की बड़ी चुनौती है। इसके लिए कांग्रेस फिलहाल कोई रिस्क नहीं ले रही है। वहीं राहुल गांधी प्रदेश की कम से कम 20 सीट पर कांग्रेस की जीत देखना चाहते हैं। ऐसे में सहमति बनने के बावजूद कांग्रेस ने राहुुल गांधी के राजस्थान दौरे को देखते हुए उम्मीदवारों की घोषणा टाल दी है। इसके साथ ही प्रचार की शुरुआत में बूंदी और गंगानगर को भी रणनीति के तहत राहुल की सभा के लिए चुना गया।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन गंगानगर-हनुमानगढ़ और कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र में कमजोर रहा था। यही वजह है कि यहां कांग्रेस को मजबूती देने के लिए चुनाव के शुरुआती दौर में राहुल का दौरा करवाया जा रहा है। गौरतलब है कि कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभा में से कांग्रेस सिर्फ 3 पर अपने विधायकों को जीत दिला सकी थी। इसी तरह के हाल गंगानगर-हनुमानगढ़ लोकसभा क्षेत्र की विधानसभा क्षेत्रों के रहे हैं।

Published on:
23 Mar 2019 09:14 pm