जयपुर

यूरिया के लिए कतार, टोकन लेकर घंटों करना पड़ रहा इंतजार

Jul 23, 2026
Rajasthan

मंडरायल. कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में यूरिया खाद के लिए किसानों को रोजाना मशक्कत करनी पड़ रही है। बरसात होने के बाद बुवाई कार्य ने गति पकड़ ली है। इसी के साथ यूरिया की जरूरत भी पड़ रही है। लेकिन पर्याप्त खाद नहीं मिल रहा। पिछले एक सप्ताह से खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ लगातार जुट रही है। भीषण गर्मी और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद किसान घंटों लंबी कतारों में खड़े रहकर खाद मिलने का इंतजार कर रहे हैं। मंगलवार को कृषि विभाग की ओर से करीब 250 टोकन वितरित कर कस्बे की दो दुकानों पर किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध कराई गई। खरीफ सीजन के दौरान खाद की किल्लत के चलते बुधवार को भी बड़ी संख्या में किसान जमाबंदी और आधार कार्ड की प्रतियां हाथ में लेकर खाद की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। मंगलवार को दोनों दुकानों पर दिनभर किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रतिकूल मौसम के बावजूद किसान अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सहायक कृषि अधिकारी राजकमल मीना ने बताया कि मंडरायल सहकारी समिति पर उपलब्ध यूरिया खाद का वितरण सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में निर्धारित दर पर कराया गया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसानों को टोकन जारी किए गए तथा प्रत्येक किसान को एक कट्टा यूरिया खाद दिया गया। मंगलवार को करीब 250 किसानों को टोकन के आधार पर खाद वितरित की गई। कृषि उपनिदेशक धर्मसिंह मीना ने किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए बताया कि गुरुवार सुबह तक खाद बीज दुकान पर यूरिया उपलब्ध करा दिया जाएगा। किसानों को टोकन के माध्यम से व्यवस्थित तरीके से खाद वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में खाद मंगवाई जा रही है और सभी किसानों को आवश्यकता के अनुसार यूरिया उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।


फोटो कैप्शन- मंडरायल- यूरिया खाद वितरण से पहले कृषि अधिकारियों की मौजूदगी में टोकन लेने के लिए लगी किसानों की भीड़।

Updated on:
23 Jul 2026 06:01 am
Published on:
23 Jul 2026 06:01 am