
कुड़गांव. कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके कारण अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्साकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या के समाधान को लेकर न तो ग्राम पंचायत प्रशासन गंभीर है और न ही संबंधित विभाग आवश्यक कदम उठा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश के बाद भी मुख्य मार्ग पर पानी भर जाता है। सड़क पर जमा गंदा पानी अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, चिकित्साकर्मियों और अन्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के सामने से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त है, जिससे लगातार पानी रिसता रहता है। पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने के कारण भी यहां जलभराव की स्थिति बनी रहती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने ही अन्नपूर्णा रसोई संचालित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भोजन करने पहुंचते हैं। मुख्य मार्ग पर गंदा पानी भरा रहने से उन्हें भी आवागमन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इनका कहना है पाइपलाइन लीकेज की जानकारी अभी तक नहीं मिली थी। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर शीघ्र पाइपलाइन की जांच कराई जाएगी और आवश्यक मरम्मत कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। रिंकू मीना, कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग
Updated on:
23 Jul 2026 06:02 am
Published on:
23 Jul 2026 06:02 am
