जयपुर

गांव में पिता से मिलकर जयपुर आ रहा शख्स जिंदा जला, कार से निकलने को तड़प रहा था, लेकिन नहीं खुल पाया गेट

राजस्थान में जयपुर—चौमूं राजमार्ग पर चलती कार में आग लगने से चालक जिंदा जल गया। मृतक बुधवार सुबह ही तमिलनाडु के रामेश्वरम से घूमकर आया था। इसके बाद पिता से मिलने गांव चला गया।
2 min read
Apr 04, 2024
rajasthan_police.jpg

जयपुर-चौमूं राजमार्ग पर राजावास पुलिया के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे चलती कार में आग लगने से चालक जिंदा जल गया। मृतक बुधवार सुबह ही तमिलनाडु के रामेश्वरम से घूमकर आया था। इसके बाद पिता से मिलने गांव चला गया। शाम को वापस लौटते समय कार में आग लग गई और चालक की मौत हो गई।

दौलतपुरा पुलिस ने बताया कि कार चौमूं से जयपुर की ओर जा रही थी। अज्ञात कारणों के चलते कार में आग लग गई। आग के विकराल रूप धारण करने से चालक अंदर फंस गया और अन्य वाहन चालकों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन विफल रहे। राजमार्ग पर करीब पौन घंटे तक कार जलती रही। इसके बाद फायर ब्रिगेड पहुंची और करीब आधा घंटे में काबू पाया।

इसके बाद कार चालक मुकेश कुमार शर्मा (46) निवासी घिनोई व हाल निवासी लोहा मंडी के शव को बाहर निकाला। घटना के बाद करीब 2 घंटे तक राजमार्ग बाधित रहा। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू करवाया।

चालक मुकेश लोहा मंडी में बेसन पिसाई का कार्य करता था। उसके दो पुत्र हैं , एक 10वीं में और दूसरा 12वीं में पढ़ता है। पुलिस ने शव को कावंटिया अस्पताल भिजवाया है। सूचना के बाद एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

चालक को नहीं बचा पाए....
प्रत्यक्षदर्शी ढाबे पर काम करने वाले राहुल ने बताया कि सड़क पर एक कार जल रही थी। चालक कार से निकलने को तड़प रहा था। हमने गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन खुल नहीं पाया। इस दौरान आग ने विकराल रूप ले लिया और पास जाना भी मुश्किल हो गया। जिससे कार चालक जिंदा जल गया।

रामेश्वरधाम घूमकर आया था....

मृतक के भाई सुरेश ने बताया की भाई मुकेश कुमार शर्मा व भाभी बुधवार सुबह ही तमिलनाडु के रामेश्वरम से घूमकर आए थे। मुकेश सुबह पत्नी को छोड़कर पिता भागीरथ से मिलने गांव घिनौई चला गया। जहां से शाम को वापस जयपुर आ रहा था। जहां राजावास पुलिया से पहले ही एक होटल के सामने कार में अचानक आग लग गई। जिसमें उसकी जिंदा जलने से मौत हो गई।

Published on:
04 Apr 2024 12:59 pm