RUHS CUET 2025 : नर्सिंग और पैरामेडिकल की पढ़ाई का सपना होगा साकार, आवेदन शुरू 16 अप्रेल से, 25 मई को होगी राज्य की सबसे बड़ी हेल्थ एंट्रेंस परीक्षा
जयपुर। राजस्थान में स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अब एक ही प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस), जयपुर एवं मारवाड़ विश्वविद्यालय, जोधपुर से संबद्ध संस्थानों में बीएससी नर्सिंग, बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (बीपीटी), फार्मेसी (डिप्लोमा एवं डिग्री) और विभिन्न पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों जैसे बीएससी मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (एमएलटी), बीएससी रेडियोलॉजी टेक्नोलॉजी (बीआरटी) और बीएससी ऑप्थेल्मिक टेक्निक्स में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश अब कॉमन अंडर ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-2025) के माध्यम से होगा।
आरयूएचएस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सीयूईटी-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 अप्रेल से प्रारंभ होगी, जिसकी अंतिम तिथि 30 अप्रेल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
प्रवेश परीक्षा 25 मई 2025 को राज्य के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में भाग लेना उन सभी छात्रों के लिए अनिवार्य है जो उपरोक्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं।इस एकीकृत परीक्षा प्रणाली से छात्रों को लाभ मिलेगा क्योंकि उन्हें विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग प्रवेश परीक्षाएं नहीं देनी होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से समय पर आवेदन करने और परीक्षा की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया है।