जयपुर

रविंद्र सिंह भाटी ने बीजेपी के इस दिग्गज नेता से की है मुलाकात

Ravindra Singh Bhati: विधानसभा चुनावों में बेहद चर्चाओं में रहे युवा विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी से मुलाकात की।
2 min read
• •
Updated: 6 Dec 2023, 3:39 PM IST
ravindra_singh_bhati_1.jpg

Ravindra Singh Bhati: राजस्थान में स्पष्ट बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन चुकी है। हालांकि अब सबको इस बात का इंतजार है कि आखिरकार बीजेपी आलाकमान राजस्थान के मुख्यमंत्री के लिए किसके नाम का ऐलान कर सकता है। वहीं विधानसभा चुनावों में बेहद चर्चाओं में रहे युवा विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी से मुलाकात की।

बता दें कि रविंद्र सिंह भाटी ने भाजपा ज्वाइन कर शिव विधानसभा सीट से टिकट मांगा था। हालांकि जब भाजपा ने उनका टिकट काट दिया तो वे बागी हो गए और शिव से जीत दर्ज कर विधायक बने। चुनाव परिणाम के अगले दिन ही रविंद्र सिंह भाटी जयपुर के लिए रवाना हो गए थे। हालांकि इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस बीच खबर आ रही है कि एक अन्य निर्दलीय विधायक भी सीपी जोशी से मिले हैं। हालांकि भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल चुका है, लेकिन जीते हुए निर्दलीय विधायक अगर पार्टी को समर्थन देते है तो लोकसभा चुनाव में बीजेपी को इसका फायदा मिल सकता है।

बता दें कि भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों का राजधानी आकर पार्टी के प्रादेशिक नेताओं से मुलाकात करने का सिलसिला अभी भी जारी है। ये विधायक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी से उनके निवास और प्रदेश कार्यालय में आकर मिल रहे हैं। वहीं, बहुत से विधायक पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से भी मुलाकात कर रहे हैं। भाजपा में ही कुछ लोगों का मानना है कि जिस तरह विधायकों के पास मिलने के लिए फोन जा रहे हैं, उससे नई तरह की प्रेशर पॉलिटिक्स भी पार्टी में शुरू हो गई है। हालांकि पार्टी आलाकमान ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहा है।

Published on: