जयपुर

विधायक बोले, भीख नहीं मांग रहा… तबादला करवाना मेरा अधिकार, मंत्री ने कहा, जो करना है कर लो

तबादलों पर मंत्री-विधायक में तकरार यादव बोले, मंत्री जी आप ज्यादा फन्ने खां मत बनिए, विधायक-मंत्री में महज एक कदम का ही अंतर होता है  
2 min read
Jun 01, 2018
bjp meeting
विधायक बोले, भीख नहीं मांग रहा... तबादला करवाना मेरा अधिकार, मंत्री ने कहा, जो करना है कर लो

भाजपा की बूथ निर्माण सत्यापन एवं विधानसभा चुनावों की व्यूह रचना के लिए शुक्रवार को सी-स्कीम स्थित एक निजी स्कूल में प्रदेश स्तरीय बैठक के दौरान तब अचानक सभी हतप्रभ रह गए, जब शिक्षक तबादलों को लेकर शिक्षा राज्यमंत्री में तकरार हो गई। दरअसल, इस महामंथन के दौरान विधायक मामन सिंह यादव और शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी आपस में भिड़ गए। शिक्षा महकमे में तबादलों को लेकर हुई इस भिड़ंत में तिजारा विधायक यादव ने शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी को जमकर खरी-खोटी सुनाई और यहां तक कह डाला कि मंत्री जी आप ज्यादा फन्ने खां मत बनिए, विधायक और मंत्री में महज एक कदम का ही अंतर होता है।

बैठक के दौरान शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी टॉयलेट करने के लिए सभागार से बाहर निकले, तब उनके पीछे-पीछे तिजारा से आने वाले भाजपा विधायक मामन सिंह यादव भी बाहर आ गए। यादव ने देवनानी को अपने क्षेत्र में प्रिंसिपलों के तबादलों को लेकर एक लंबी चौड़ी सूची थमा दी। इस पर देवनानी ने कहा कि आपके तबादले पहले कर दिए हैं, अब नहीं करूंगा। ऐसे में नाराज मामन सिंह ने कहा कि आपने मेरे क्षेत्र में बाहर वाले लोगों को लगा डाला और विधवाओं के भी तबादले कर दिए। मामन सिंह ने यह भी कहा कि यदि आप ऐसा करेंगे तो वह मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत करेंगे। इस पर देवनानी ने कहा आपको जो करना है कर लो और यह कहकर वासुदेव देवनानी अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ गए। गुस्साए विधायक मामन सिंह भी उनके पीछे चलते रहे और कहा कि मैं कोई भीख नहीं मांग रहा तबादला करवाना मेरा अधिकार है।


आप पुलिस में शिकायत कर दो

मामन सिंह ने कहा कि आप के अधिकारी बदमाशी कर रहे हैं। ऐसे में गुस्साए देवनानी ने कहा कि आप पुलिस में उनकी शिकायत कर दो। एकाएक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद भाजपा नेता और कार्यकर्ता अचंभित हो गए। कुछ पदाधिकारी यादव को रोकने के लिए बाहर पर आए लेकिन तब तक शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी अपनी कार में बैठकर वहां से निकल चुके थे।

Published on:
01 Jun 2018 10:06 pm