
जयपुर . भांकरोटा थानांतर्गत केशुपुरा के खाली भूखंड में जिस युवक का अधजला शव मिला था उसकी देशी कट्टे से परिचित युवक ने हत्या की थी। हत्या से पहले अभियुक्त ने पीडि़त को सरप्राइज के बहाने बुलाकर आंखों पर पट्टी बांधी उसे कुर्सी पर बैठाया और करीब से गोली मार दी। पुलिस पड़ताल में ये तथ्य सामने आए हैं। पोस्टमार्टम के दौरान सीने में छर्रे मिलने के बाद ही गोली मारने की बात सामने आई थी। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर ही अभियुक्त तक पहुंच पाई। पुलिस ने कमला नगर पुलिया के पास नाली में से देशी कट्टा व प्लास्टिक के बैग बरामद कर लिए हैं। उधर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार हत्या का शिकार कैंपर सप्लायर गोपाल जाट मूलत: मोहनपुरा (फागी) हाल भांकरोटा का रहने वाला था। वहीं फायर करने वाला जसबीर सिंह चौधरी मूलत: पीलीबंगा हनुमानगढ़ हाल भांकरोटा का रहने वाला है। दोनों ही परिचित बताए जाते हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे एक युवती है जिससे जसबीर प्यार करता था। युवती भी उसे पसंद करती है। जबकि गोपाल उस युवती का रिश्तेदार था जिससे वह अक्सर मोबाइल पर बात करती थी। इसी बात से जसबीर नाराज था।
रकम देने के बहाने बुलाया
अभियुक्त ने गोपाल को पैसे देने के बहाने कमला नेहरू नगर स्थित अपने हॉस्टल में बुलाया। भूतल स्थित कमरा नम्बर 111 में ले जाकर उसे कहा कि वह उसे आज सरप्राइज देना चाहता है। गोपाल अभियुक्त के कहने पर आंखों पर पट्टी बांध कुर्सी पर बैठ गया। उधर अभियुक्त ने तेज आवाज में म्यूजिक ऑन कर दिया और उसको करीब से देशी कट्टे से गोली मार दी। गोली लगते ही पीडि़त लुढ़क गया और तड़पने लगा।
तड़पता छोड़कर चला गया
गोपाल के सीने से लगातार खून बह रहा था लेकिन वह उठने की स्थिति में नहीं था। फर्श पर तड़पता छोड़ बाहर से कमरा बंद कर वह बाइक लेकर वहां से निकल गया। कुछ देर बाद लौटा और हॉस्टल के लॉन में बैठकर दो बीयर पी। रात 12.30 बजे तक उसने युवती को कई कॉल किए और उससे बातें करता रहा। फिर कमरे में लौटा तब तक गोपाल दम तोड़ चुका था। उसने शव को तीन कट्टों में बांधा। शव को बाइक पर बांध कर केशुपुरा ले गया और जला दिया।