
Jaipur प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का असर कम होने लगा है। सोमवार का दिन इसलिए भी राहत भरा रहा कि 21 जिलों में कोरोना के नए मरीजों की संख्या शून्य रही, जबकि 12 जिलों में 55 नए संक्रमित दर्ज किए गए। हालांकि 3 मरीजों की कोरोना से जान गई। एक्टिव केस भी अब राहत की ओर हैं। प्रदेश में 1092 एक्टिव केस ही रह गए हैं। जिन जिलों में संक्रमण दर्ज किया गया है, उनमें सिर्फ जयपुर में 19 मरीज मिले, अन्य में नए मामलों की संख्या 10 से कम ही रही। राहत की बात यह भी रही कि अलवर जिले में भी संक्रमण कम हुआ है, यहां से लगातार अन्य जिलों की तुलना में संक्रमित ज्यादा दर्ज किए जा रहे थे।
यहां रही संख्या शून्य
अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, धौलपुर, डूंगरपुर, जैसलमेर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, नागौर, पाली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक और उदयपुर में कोई नया कोरोना मरीज दर्ज नही किया गया है।
यहां मिले संक्रमित
जयपुर में 19, दौसा में 8, सिरोही में 5, जोधपुर में 4, बीकानेर 4, हनुमानगढ़ 4, भरतपुर 3, श्रीगंगानगर 3, अलवर 2, बाड़मेर, भीलवाड़ा, जालौर में एक-एक नया मरीज मिला है।
यहां हुई मौतें
बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में एक-एक मरीज की मौत हुई है।