जयपुर

यूटर्न पर ट्रक ने मारी टक्कर, बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल

www.patrika.com
less than 1 minute read
Dec 15, 2018
Feature image

जयपुर. दिल्ली रोड पर ईदगाह के पास शनिवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई दूसरा साथी अस्पताल में भर्ती है।
दुर्घटना थाना (उत्तर) पुलिस ने बताया कि ईदगाह से पहले वनविहार के पास कट पर हादसा हुआ। ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ से गैस सिलेंडर से भरा ट्रक दिल्ली रोड पर जा रहा था। शास्त्री नगर स्थित लंकापुरी निवासी इकबाल मेवाती(30) और मुबीन(30) बाइक से पाडामंडी की तरफ जा रहे थे। वनविहार कट पर यूटर्न लेने के दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों छिटककर दूर जा गिरे। एंबुलेंस की सहायता से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने इकबाल को मृत घोषित कर दिया और मुबीन के हाथ में फ्रेक्चर हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ट्रक चालक की तलाश जारी है।


ऑफिस से घर आ रहे युवक को मारी टक्कर, मौत
जयपुर. झोटवाड़ा थाना इलाके में ऑफिस से घर आ रहे युवक को पीछे से एक वाहन ने टक्कर मारी जिससे वह घायल हो गया। राहगीरों ने 108 की मदद से कावंटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में युवक के मामा भंवर सिंह नाथावत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया कि मृतक नरेन्द्र सिंह राठौड़ (23) रात 11 बजे ऑफिस से घर जा रहा था। तेजगति से आ रहे वाहन ने पीछे से टक्कर मारी जिससे वह बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी और वह घायल हो गया। राहगीरों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां युवक की मौत हो गई।

Published on:
15 Dec 2018 08:55 pm