जयपुर

दिवाली के मौके पर पर्यटकों को विभाग देने जा रहा है बड़ी सौगात,अब हेलिकॉप्टर में बैठ निहार सकेंगे आमेर—जयगढ़ फोर्ट

अब हेलिकॉप्टर में बैठ निहार सकेंगे आमेर—जयगढ़ फोर्ट, — केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दी सैद्धांतिक मंजूरी
2 min read
• •
Updated: 16 Oct 2017, 12:04 PM IST
Now Amer and Jaigarh Fort will be able to see sitting in helicopter

आमेर का किला गुलाबी नगरी की शान कहलाता है। इसे निहारने रोजाना हजारों की संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक आते है। महल के साथ विशेषकर हाथी की सवारी का आनंद लेने भी पर्यटक यहीं आते है। वहीं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग भी पर्यटकों के लिए कई तरह की नई सुविधाएं कर रहा है। इसी कड़ी में सरकार अब पर्यटकों को एक नई सौगात देने जा रहा है।

सरकार की योजना सिरे चढ़ी तो जल्द ही आप हेलिकॉप्टर में बैठकर जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल आमेर महल और जयगढ़ फोर्ट तक पहुंच पाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने एक योजना बनाई है, जिसे केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार इस योजना की शुरूआत जयपुर के आमेर महल और जयगढ़ किले से करने की तैयारी में है। साथ ही सवाई माधोपुर और चित्तौड़गढ़ सहित अन्य शहर भी इसमें जोड़े जाएंगे।

आपको बता दें कि राज्य सरकार पर्यटकों को प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों और पुरा धरोहरों की हेलिकॉप्टर से सैर कराना चाहती है। ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और सैलानियों के लिए नया आकर्षण पैदा हो। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने इस योजना की सैद्धांतिक तौर पर मंजूरी दे दी है। जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर से सैर के लिए दो घंटे से लेकर दिनभर तक का पैकेज तय किए जाएंगे। इस योजना के तहत पर्यटन एक ही दिन में एक या इससे ज्यादा शहरों की सैर कर पाएंगे। हेलिकॉप्टर से सैर योजना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए हेरिटेज मॉन्यूमेंट्स पर हेलीपैड बनाने की योजना पर काम कर रही है। इस योजना के लिए राज्य सरकार मल्टी इंजन वाला 8 सीटर हेलिकॉप्टर लीज पर लेगी।

गौरतलब है कि पर्यटन को बढ़ावा देते हुए विभाग ने कुछ ही महीनों पहले महल में सेग्वे स्कूटर की शुरुआत की थी। इसके बाद पर्यटक हेरिटेज लुक में गोल्फ कार्ट का आनंद ले सकें, इस सुविधा की शुरूआत अक्टूबर महिने से हुई है। अब एक नई सुविधा शुरु होने से पर्यटकों को महल तक पहुंचने में भी आसानी होगी और यह खबर पर्यटकों के लिए दिवाली के तोहफे से कम नहीं है।

Published on: