जयपुर

आपका प्यार-दुलार बनाएगा बच्चे का संसार

जब भी बच्चों की परवरिश की बात आती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी माता-पिता की होती है।
2 min read
Oct 06, 2019
Feature image

जब भी बच्चों की परवरिश की बात आती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी माता-पिता की होती है। ऐसे में माता-पिता के लिए बच्चों के संबंध में उचित निर्णय लेना जरूरी होता है। ध्यान रहे कि कोई भी माता-पिता परफेक्ट नहीं होते और न ही कोई बच्चा। लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि इस दिशा में काम न किया जाए इसलिए आप इन बातों का ध्यान रखकर बच्चों को अच्छी परवरिश दे सकते हैं।
रोल मॉडल बनें: आप जैसा करेंगे बच्चा वही सीखेगा इसलिए अपने व्यवहार को उसके सामने एक रोल मॉडल की तरह रखें। बच्चे हर समय अपने माता-पिता को देखते हैं और उन्हीं को फॉलो करते हैं इसलिए आपके व्यवहार में सच्चाई, सरलता, सौम्यता आदि चीजें होनी चाहिए।
प्यार जताएं: बच्चों को बेहतर बनाने के लक्ष्य में माता-पिता कई बार उन्हें डांटते ज्यादा हैं। लेकिन कई शोधों में ऐसा पाया गया है कि बच्चों को प्यार से समझाई गई कोई बात ज्यादा समझ आती है इसलिए उनके प्रति अपने प्यार में कमी न आने दें। वह कोई अच्छा काम करे तो उसे सराहें और आगे भी अच्छा करने के लिए प्रेरित करें।
सुरक्षित वातावरण बनाएं: अपने बच्चों को इस बात का अहसास कराएं कि आप उनकी सुरक्षा या देखभाल के लिए हमेशा खड़े हैं। हर बार बच्चों द्वारा कोई भी शिकायत करने पर उन्हें डांटना सही नहीं। इससे बच्चे माता-पिता से अपनी बातों का छिपाने लगते हैं और अवसाद या असुरक्षित महसूस करने लगते हैं।
बच्चों से बातचीत: जब भी आपको लगे कि आपके बच्चे को आपकी जरूरत है तो उससे बातचीत करें। बातचीत के अलावा उसे ध्यान से सुनें भी। बातचीत के इस क्रम से आपके बीच का रिश्ता मजबूत होगा और बच्चा आपके पास अपनी समस्याओं को लेकर आएगा।
अपनी सेहत भी देखें: अगर आप स्वस्थ रहेंगे तभी बच्चे की अच्छी प्रकार से देखभाल कर पाएंगे। अपने साथी के साथ अपने संबंधों को अच्छा बनाएं क्योंकि अगर यहां कोई भी गड़बड़ी हुई तो इसका सीधा असर आपके बच्चे पर पड़ेगा।

Updated on:
06 Oct 2019 07:50 am
Published on:
06 Oct 2019 07:50 am