जयपुर

जयपुर की सबसे बड़ी समस्या से निपटना बना सबसे बड़ी चुनौती, जानें लोगों की परेशानी उन्हीं की ज़बानी

Jaipur City News: परकोटा में पार्किंग बड़ी समस्या बनती जा रही है। पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली भी हो रही है। गलियों में कॉमर्शियल गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए।

3 min read
Mar 20, 2024

Jaipur News: परकोटा में पार्किंग बड़ी समस्या बनती जा रही है। पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली भी हो रही है। गलियों में कॉमर्शियल गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए। कचरा डिपो पर दिनभर गंदगी रहती है। ये मुद्दे मंगलवार को चौड़ा रास्ता स्थित मंदिर मुरली मनोहरजी में आयोजित राजस्थान पत्रिका के स्पीक आउट कार्यक्रम में जनता ने उठाए। जनता ने जनप्रतिनिधियों के संरक्षण से परकोटे में पशुओं की अवैध डेयरियां संचालित होने के आरोप भी लगाए। जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता की सुनवाई नहीं कर रहे हैं। इसे लेकर लोगों ने नाराजगी भी जताई।

बाजार में कई मंदिर हैं, उनके बाहर दोपहिया वाहनों की पार्किंग होनी चाहिए। ट्रैफिक पुलिस वहां से वाहन उठा लेती है। फुटपाथ पर मैनहॉल ऊपर है, जिससे लोग गिर रहे हैं। बाजार में सड़क बनाई, लेकिन ऊंची-नीची, जिससे दोपहिया वाहन चालक गिर कर चोटिल हो रहे हैं। - सौभागमल अग्रवाल, अध्यक्ष, चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल

बाजारों में पार्किंग के नाम पर लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। चौड़ा रास्ता में पार्किंग ठेकेदार टेंडर शर्तों की पालना नहीं कर रहा है। नियमानुसार 45 डिग्री पर गाडि़यां खड़ी नहीं हो रही हैं। पार्किंग की मॉनिटरिंग होनी चाहिए। - विवेक भारद्वाज, महामंत्री, चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल

परकोटे की गलियों में आवासीय परिसरों में कॉमर्शियल गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय निवासी परेशानी हैं। लोगों को वाहन खड़े करने की जगह नहीं मिलती है। नाटाणियों के रास्ते में लॉडिंग वाहन आते हैं, जिससे जाम जैसे हालात बने रहते हैं। - वल्लभ नाटाणी

नाटाणियों का रास्ता में स्कूल के सामने कचरा डिपो है, इससे दुकानदारों के साथ स्थानीय लोगों और स्कूल के बच्चों को परेशानी हो रही है। बीमारियों का अंदेशा बना रहता है। इस रास्ते से पर्यटक भी निकलते हैं, लेकिन कचरे को देखकर आगे जाने से बचते हैं। - डॉ. शेखर कपूर

लोग घरों का कचरा सड़क पर डाल रहे हैं। चौड़ा रास्ता के साथ अंदरूनी गलियों में भी कैमरे लगाए जाए, जिससे सड़क पर कचरा डालने वालों पर नजर रखी जा सके। बाजार में पेड़ लगे हुए हैं, लेकिन उनकी छंटाई नहीं होती है। - महिपाल स्वामी

संघीजी की गली में कचरा सड़क पर फैला रहता है। बदबू के कारण लोग अपने घरों की खिड़कियां नहीं खोल पाते हैं। बिजली का बॉक्स खुला पड़ा है, वायर बाहर निकले हुए हैं। स्कूल के सामने कचरा डिपो से बच्चे परेशान हो रहे हैं। - रीमा बनर्जी

खाली मकान को लोगों ने कचरा डिपो बना रखा है। लोग घरों का कचरा इसमें डाल रहे हैं। गंदी गलियों में कीचड़ होने से मकानों में सीलन आ रही है। इनकी सफाई होनी चाहिए। शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। - नवल किशोर

परकोटे में पार्किंग बड़ी समस्या है। गलियों में गाडि़यां खड़ी होने से यातायात जाम होता है। कॉलोनी हो या गली, लोग मिलकर एक सप्ताह में एक मीटिंग करें और जो समस्याएं सामने आए, उसे दूर करवाने के लिए मिलकर प्रयास करें। - सिद्धार्थ जैन

लोग घरों से ही गली में कचरा फेंक देते हैं। कचरा भी समय पर नहीं उठता है। गलियों में कचरा डिपो नहीं होने चाहिए। सीवरेज का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे पैदल आने-जाने में परेशानी हो रही है। - नीरू अग्रवाल

परकोटे में अवैध डेयरियां चल रही हैं। बाजार में फुटपाथ की मरम्मत होनी चाहिए। जनता को भी जागरूक होना पड़ेगा। जेब्रा क्रॉसिंग की लोग पालना नहीं करते हैं। ट्रैफिक पुलिस को जेब्रा क्रॉसिंग की पालना करवानी चाहिए। - दिनेश मित्तल

Published on:
20 Mar 2024 09:58 am
Also Read
View All