जयपुर

Phed News: न पानी आया न मीटर रीडर, ​बिल का घूम रहा मीटर, फिर भी थमाए 700 रुपए तक के बिल

जयपुर शहर में पेयजल उपभोक्ताओं को पीएचईडी बिना रीडिंग लिए ही पानी के बिल जारी कर रहा है। मीटर रीडर फील्ड में दिखाई नहीं देते तो दूसरी तरफ नलों में पानी नहीं आने से उपभोक्ता परेशान हैं। बावजूद इसके विभाग उपभोक्ताओं को पानी के बिल जारी कर रहा है।
2 min read
• •
Updated: 16 May 2025, 8:41 AM IST
जलदाय विभाग राजस्थान
जलदाय विभाग राजस्थान

राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर के पेयजल उपभोक्ताओं के साथ जलदाय विभाग मजाक कर रहा है। पृथ्वीराज नगर फेज-प्रथम पेयजल प्रोजेक्ट और सांगानेर की कई कॉलोनियों में रहने वाली लाखों की आबादी के लिए व्यवस्था नहीं, बल्कि मजाक बन गया है। जलदाय विभाग ने हजारों उपभोक्ताओं को जल कनेक्शन तो जारी कर दिए, लेकिन पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंचाई। इतना ही नहीं, बिना मीटर रीडिंग के 400 से 700 रुपए तक के बिल उपभोक्ताओं को अब थमा दिए गए हैं।

लाखों की आबादी के लिए परेशानी का कारण

विभाग द्वारा इन कॉलोनियों में पानी कनेक्शनों पर मीटर भी लगाए गए हैं, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी न तो पानी आया, न रीडिंग हुई, और बिल थमा दिए गए। लोगों ने इसे पेयजल प्रोजेक्ट की घोर विफलता और जनता के साथ धोखा करार दिया है।

कब हो गई रीडिंग, पता नहीं

पृथ्वीराज नगर में अशोक विहार, हंस विहार, कृष्ण विहार, श्याम वाटिका सहित 20 से ज्यादा कॉलोनियों के रहवासियों का कहना है कि कभी कोई मीटर रीडर नहीं आया, लेकिन फिर भी 400-500 रुपए के बिल भेज दिए गए हैं। सांगानेर की इनकम टैक्स कॉलोनी में भी कमोबेश यही हाल है। लोग समझ नहीं पा रहे कि जब पानी आया नहीं और रीडिंग हुई नहीं, तो बिल कैसे बना?

पानी की बूंद नहीं, बिल हाजिर

पृथ्वीराज नगर क्षेत्र में मांग्यावास स्थित राजीव विहार और मिथिला विहार कॉलोनियों के निवासियों का कहना है कि विभाग की पाइप लाइन टेस्टिंग के दौरान उन्होंने कनेक्शन ले लिया था। राजीव विहार निवासी शैलेन्द्र भट्ट ने बताया कि 5-6 महीने बीत गए, लेकिन एक बूंद पानी नल में नहीं आया। अब विभाग ने 700 रुपए का बिल भेज दिया है।
नारायण सिंह, अध्यक्ष, हंस विहार विकास समिति के अनुसार पृथ्वीराज नगर की कॉलोनियों में एक दिन भी पानी नहीं आया, फिर भी बिल जारी कर दिए गए।

इनका कहना है

बिना रीडिंग के बिल आने और पानी न मिलने की शिकायतों को गंभीरता से लेकर समाधान किया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के अभियंताओं को इस बारे में निर्देश दिए गए हैं। -शुभांशु दीक्षित, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जयपुर शहर

Updated on:
16 May 2025, 8:41 AM IST
Published on: