दिवाली पर इस बार गुलाबी ठंडक के साथ सुहावना मौसम पर्व के उल्लास को और ज्यादा बढ़ाएगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार जयपुर समेत प्रदेश के के प्रमुख शहरों में अगले दो दिन बादलवाही रहने और दिन में धूप की तपिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
Rajasthan Weather Update: देशभर में दीपोत्सव पर्व धूपधाम से मनाया जा रहा है। दिवाली पर इस बार गुलाबी ठंडक के साथ सुहावना मौसम पर्व के उल्लास को और ज्यादा बढ़ाएगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार जयपुर समेत प्रदेश के के प्रमुख शहरों में अगले दो दिन बादलवाही रहने और दिन में धूप की तपिश से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि आतिशबाजी के चलते गैसीय प्रदूषण ज्यादा रहने पर दिन और रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने से मौसम का मिजाज शुष्क रहने वाला है। दीपोत्सव पर्व के बाद अगले सप्ताह के अंत तक फिर से गुलाबी सर्दी की रंगत बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग से जारी आकंड़ों के अनुसार बीती रात अजमेर शहर 16.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। शहर में बीती रात पारे में 3.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज हुई। जोधपुर शहर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री गिरावट के साथ 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
| स्टेशन (स्थान) | अधिकतम तापमान (°C) | सामान्य से विचलन (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) | सामान्य से विचलन (°C) |
|---|---|---|---|---|
| अजमेर | 32.3 | -2.1 | 16.9 | -3.6 |
| बाड़मेर | 38.0 | 1.4 | 20.8 | -0.7 |
| बीकानेर | 35.4 | -0.3 | 23.5 | 3.5 |
| चुरू | 33.9 | -1.5 | 19.5 | 2.2 |
| जयपुर (एएमओ जयपुर) | 32.0 | -2.2 | 19.3 | -0.2 |
| जैसलमेर | 36.4 | 0.3 | 20.5 | -0.7 |
| जोधपुर | 35.3 | -0.6 | 17.8 | -1.5 |
| कोटा | 33.2 | -1.4 | 19.1 | -2.7 |
| फालोदी | 35.4 | -1.0 | 19.0 | 0.3 |
| श्रीगंगानगर | 35.7 | 1.3 | 19.3 | 2.0 |
| उदयपुर | 32.4 | -1.2 | 17.0 | 0.2 |
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, उदयपुर और कोटा शहर में बादलों की आवाजाही रहने की संभावना है। बीकानेर में बादल छाए रहने और धूप की आंखमिचौनी रहने के आसार हैं। बादलों की आवाजाही रहने पर दिन के तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना है। वहीं दिन में बादलवाही के कारण दिन के तापमान में आंशिक गिरावट होने और धूप की तीखी चुभन से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी जयपुर, जोधपुर और उदयपुर में रविवार को 5 से 7 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से दक्षिण पूर्वी हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं बीकानेर शहर में आज 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
जयपुर शहर में सोमवार को दीपोत्सव पर्व दिवाली पर मौसम सुहावना रहने वाला है। जयपुर शहर में सोमवार को छितराए बादलों की आवाजाही रहेगी वहीं दिन के तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना है। हालांकि रात के तापमान में ज्यादा गिरावट होने के आसार कम हैं।