जयपुर

राहुल गांधी ने राजस्थान में PM मोदी और CM राजे को लेकर बोल दी ऐसी बात

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Sep 21, 2018
rahul gandhi

सुनील सिंह सिसोदिया/ विनय सोमपुरा

सागवाड़ा। राजस्थान में अपने दूसरे चुनावी दौरे पर आए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रफाल खरीद में कथित घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर घेरा है। आदिवासी बहुल वागड़ के सागवाड़ा में गुरुवार को हुई सभा में राहुल ने कार्यकर्ताओं को नया चुनावी नारा भी दिया, गली-गली में शोर है...। राहुल ने सीधी चुनौती देते हुए कहा, अब मोदी एवं सीएम वसुंधरा राजे और उन दोनों का पैसा भी मिलकर राजस्थान में सरकार नहीं बना सकता।

राहुल ने 11 अगस्त को जयपुर के रोड-शो के बाद सागवाड़ा में भी रफाल पर हमला बोला। राहुल ने कहा, रफाल खरीद को लेकर मोदी से जब लोकसभा में पूछा तो वे आंख नहीं मिला सके। जनता लोकसभा के वीडियो देख सकती है। प्रधानमंत्री अपने कारोबारी मित्र अनिल अंबानी के साथ फ्रांस गए और रक्षामंत्री को विश्वास में लिए बिना ही 526 करोड़ के रफाल का सौदा 1600 करोड़ में कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी हमला किया। कहा, उनके कारोबारी मित्र ने तो उनके पुत्र को सीधे पैसा ट्रांसफर किया।

जब पायलट ने गहलोत को बाइक पर बैठाया, तब ही जीत गए
राहुल ने कहा, पिछले दिनों अखबार में फोटो देखा, पायलट की बाइक के पीछे गहलोत बैठे थे। लगा कि राजस्थान में अब नेता एक हो गए हैं, अब कांग्रेस राजस्थान में चुनाव जीत गई। वैसे साथ चलने के लिए कहना पड़ता है। उस बाइक में जनता का पेट्रोल नहीं था, लेकिन मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा जनता के पैसे से निकल रही है। पीएम के हंसते हुए जो पोस्टर नजर आते हैं, वे भी जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपए खर्च कर लगाए जा रहे हैं।

Published on:
21 Sept 2018 09:47 am