जयपुर

PM Kisan: राजस्थान के 66 लाख किसानों के लिए खुशखबरी, पीएम मोदी कल जारी करेंगे सम्मान निधि की 23वीं किस्त

PM Kisan 23rd Installment: राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के लिए शुक्रवार बड़ी राहत लेकर आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे, जिसके तहत प्रदेश के पात्र किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।

2 min read
Jun 19, 2026
PM Kisan Samman Nidhi Yojana 23rd Installment
PM Kisan Samman Nidhi Yojana 23rd Installment (Patrika File Photo)

जयपुर। राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार 20 जून को किसानों के खातों में 23वीं किस्त की राशि भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित "पीएम किसान उत्सव" कार्यक्रम के दौरान दोपहर करीब 3:45 बजे डीबीटी के माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। देश स्तर पर करीब 9.4 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा।

राजस्थान की बात करें तो प्रदेश में करीब 95 लाख किसान योजना में पंजीकृत हैं, जबकि सत्यापन के बाद 66 लाख 37 हजार 92 किसानों को योजना का पात्र लाभार्थी माना गया है। पिछली किस्त प्रदेश के 66 लाख 37 हजार 15 किसानों के खातों में पहुंची थी। ऐसे में इस बार भी करीब 66 लाख किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये आने की उम्मीद है।

23वीं किस्त का इंतजार कर रहे थे किसान

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत वर्ष 2019 में की गई थी। इसका उद्देश्य किसानों को खेती-किसानी के खर्चों में आर्थिक सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये तीन बराबर किस्तों में दिए जाते हैं। अब तक सरकार 22 किस्तें जारी कर चुकी है और शुक्रवार को 23वीं किस्त जारी की जाएगी।

झुंझुनूं के 2.19 लाख किसान होंगे लाभान्वित

राजस्थान के विभिन्न जिलों में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। झुंझुनूं जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में होगा, जबकि ब्लॉक स्तर पर पंचायत समितियों के डीओआईटी वीसी कक्षों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर भी किसानों को कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी की गई है। केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा के अनुसार, अकेले झुंझुनूं जिले में करीब 2.19 लाख किसानों के खातों में राशि पहुंचेगी।

किसानों के लिए लगेंगे शिविर

देशभर की प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पीएसीएस) के माध्यम से भी किसानों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही कई स्थानों पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

कुछ किसानों की अटकेगी किस्त

हालांकि, कुछ किसानों की किस्त अटक भी सकती है। जिन किसानों ने ई-केवाईसी पूरी नहीं कराई है, जिनके बैंक खाते में त्रुटि है, आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं है या भूमि सत्यापन नहीं हुआ है, उन्हें इस बार किस्त का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है। सरकार ने ऐसे किसानों से जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने की अपील की है।

योजना के नियमों के अनुसार आयकरदाता किसान, सरकारी कर्मचारी तथा ऐसे परिवार जिनका कोई सदस्य संवैधानिक पद पर रह चुका है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलता है।

क्या है किसान मानधन योजना

केंद्र सरकार पीएम किसान योजना के साथ प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना भी चला रही है। इसके तहत 18 से 40 वर्ष की आयु के किसान अंशदान जमा कर 60 वर्ष की उम्र के बाद हर महीने 3 हजार रुपये तक की पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना में मासिक अंशदान 55 रुपये से 200 रुपये तक निर्धारित किया गया है।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि खरीफ सीजन के दौरान मिलने वाली यह राशि किसानों के लिए बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि कार्यों के खर्च में मददगार साबित होगी। ऐसे में राजस्थान सहित देशभर के करोड़ों किसानों की नजरें शुक्रवार को जारी होने वाली पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त पर टिकी हुई हैं।

Updated on:
19 Jun 2026 08:01 pm
Published on:
19 Jun 2026 07:49 pm