जयपुर

जनसुनवाई में शामिल होने अजमेर से जयपुर आया युवक, यहां सीएम निवास के सामने ही हुआ जेबकतरों का शिकार

जेबकतरों का दुस्साहस
less than 1 minute read
Jan 19, 2019
Feature image

जयपुर. राजधानी में जेबकतरों का दुस्साहस तो देखिए, कड़ी सुरक्षा के बावजूद मुख्यमंत्री निवास के बाहर ही भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक की जेब तराश कर एक लाख रुपए निकाल लिए। इस संबंध में अजमेर निवासी युवक सतीश ने सोडाला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

पीडि़त सतीश ने बताया कि वह 16 जनवरी को दोपहर 3.45 पर मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई में आया था। गाड़ी पार्क कर मुख्य द्वार पर पहुंचा तो जनसुनवाई खत्म हो चुकी थी और कुछ नेता बाहर निकल रहे थे। मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया। इस बीच मैं भी वहां रुक गया। कुछ देर बाद देखा तो पेंट की पिछली जेब में रखे एक लाख रुपए गायब थे। पीडि़त ने बताया कि फ्लैट में काम चल रहा है, इसलिए वह खरीदारी के लिए एक लाख रुपए लाया था।

इधर मैरिज गार्डन से 12-13 लाख व जेवरात से भरा बैग पार
आमेर थाना इलाके में गुरुवार देर रात शादी में मैरिज गार्डन से किसी ने लाखों रुपए और जेवरात से भरा बैग पार कर लिया। पुलिस ने बताया कि ब्रह्मपुरी थाने में तैनात उपनिरीक्षक छुट्टनलाल की बेटी की शादी कूकस स्थित एक गार्डन में थी। देर रात 12.30 बजे किसी ने टेबल पर रखा 12-13 लाख रुपए और जेवरात से भरा बैग पार कर लिया। हालांकि, इस मामले में अभी तक उपनिरीक्षक ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है।

Published on:
19 Jan 2019 09:46 am