Fake Ghee: खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी और तेल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 14 हजार किलो से अधिक मिलावटी घी, पाम ऑयल, सोयाबीन तेल और वनस्पति जब्त की गई, जबकि कुल 13 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
Food Safety Raid: जयपुर। राजस्थान सरकार द्वारा चलाए जा रहे “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत जैसलमेर जिले के पोकरण में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी और तेल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 14 हजार किलो से अधिक मिलावटी घी, पाम ऑयल, सोयाबीन तेल और वनस्पति जब्त की गई, जबकि कुल 13 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) भगवत सिंह के नेतृत्व में जयपुर मुख्यालय की विशेष टीम और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जैसलमेर के सहयोग से यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पोकरण की लोढ़ा कॉलोनी स्थित सात्विक ट्रेडिंग कंपनी के मालिक योगेश टावरी के परिसर पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां बड़े स्तर पर नकली घी और तेल का निर्माण एवं पैकिंग कार्य संचालित होता मिला। अधिकारियों ने मौके से मिलावटी घी और तेल के पांच नमूने एफएसएसए एक्ट के तहत लिए। साथ ही करीब 10 हजार 260 किलो मिलावटी घी, पाम ऑयल, सोयाबीन तेल और वनस्पति को सीज कर दिया गया।
इसके बाद विभागीय टीम ने सात्विक ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम पर भी कार्रवाई की। यहां विभिन्न ब्रांडों के नाम से नकली घी का भंडारण किया जा रहा था। टीम ने श्री आहार, शुभ, कुबेर, श्रीमूल, विनायक और टॉपर मिल्क फैट सहित अन्य ब्रांडों के आठ नमूने लिए। इसके अलावा करीब 4 हजार किलो मिलावटी घी को भी जब्त किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जैसलमेर डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बड़े स्तर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट का प्रतीत होता है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफएसएसए एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, देवेन्द्र सिंह, लोकेश शर्मा, जगदीश प्रसाद और जैसलमेर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा भी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि प्रदेशभर में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।