जयपुर

प्रोफेसर अमेरिका सिंह को पुलिस ने भी दी क्लीन चिट, सरकार की ओर से दर्ज मामले में FR

गुरुकुल विश्व विद्यालय सीकर का मामला: न्यायिक जांच में पूर्व में मिल चुकी राहत। कांग्रेस राज में विधानसभा में पेश हुआ था बिल। भाजपा ने मामला उठाया तो बचाव में आई कांग्रेस सरकार ने वापस ले लिया था बिल।
less than 1 minute read
Apr 04, 2024
प्रोफेसर अमेरिका सिंह को पुलिस ने भी दी क्लीन चिट, सरकार की ओर से दर्ज मामले में FR
प्रोफेसर अमेरिका सिंह को पुलिस ने भी दी क्लीन चिट, सरकार की ओर से दर्ज मामले में FR

जयपुर. अधूरे निर्माण पर ही गुरुकुल विश्वविद्यालय सीकर की मौका रिपोर्ट देने के मामले में सुविवि के तत्कालीन कुलपति प्रोफेसर अमेरिका सिंह को जयपुर की अशोक नगर थाना पुलिस ने क्लीनचिट दे दी है। सरकार की ओर से दर्ज कराई कई एफआईआर में पुलिस ने एफआर पेश कर दी है। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल के आदेश पर हुई न्यायिक जांच में अमेरिका सिंह को पूर्व में ही राहत मिली चुकी थी।
गुरुकुल विश्वविद्यालय की मौका रिपोर्ट का यह मामला उस समय विवाद में आया था, जब विश्वविद्यालय को लेकर विधानसभा में बिल पेश किया गया था। विपक्ष की ओर से राजेन्द्र राठौड़ ने यह मामला उठाया और बताया कि मौके पर भवन ही नहीं बना है और विश्वविद्यालय का बिल सदन में पेश किया गया। उस जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके आधार पर बिल पेश किया गया था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस मामले में बिल वापस ले लिया और बाद में सरकार की ओर से ही अशोक नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। यह एफआईआर जांच कमेटी के प्रभारी अमेरिका सिंह व अन्य के खिलाफ कराई गई थी।

सरकार की इस कार्रवाई के साथ ही राज्यपल कलराज मिश्र ने न्यायिक जांच के आदेश दिए थे। इस न्यायिक जांच में अमेरिका सिंह को क्लीन चिट दी गई थी। इस जांच रिपोर्ट में ही अशोकनगर थाने जयपुर में दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की अनुशंसा की थी। हालांकि पहले पुलिस ने पड़ताल जारी रखी। इसके बाद कानूनी राय ली गई। कुछ सप्ताह पहले इस मामले में एफआर लगाने का निर्णय लिया गया।

Published on:
04 Apr 2024 12:58 pm