
- रात के अंधेरे में ड्रोन निगरानी से खुली अवैध गतिविधियों की पोल, पुलिस की कार्रवाई का नागरिकों ने किया स्वागत
शिवमोग्गा.
कर्नाटक के शिवमोग्गा शहर में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब सेवन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने तकनीक की मदद से विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की है। रात के अंधेरे में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी कर रहे पुलिसकर्मियों ने विभिन्न इलाकों में शराब पीते लोगों की पहचान की और मौके पर पहुंचकर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए। पुलिस की इस अभिनव पहल से सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश गया है।
पुलिस विभाग की ओर से 23 नवंबर को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, विनोबनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोम्मनकट्टे, रत्नागिरी लेआउट, बसवनगंगूर, हुडको सहित विभिन्न इलाकों में 22 नवंबर की रात ड्रोन कैमरों के जरिए विशेष निगरानी अभियान चलाया गया था।
इस दौरान ड्रोन कैमरों में कई स्थानों पर सार्वजनिक जगहों और आवासीय लेआउट में कुछ लोगों के खुलेआम शराब सेवन करने के दृश्य कैद हुए। इन दृश्यों के आधार पर पुलिस टीमों ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर शराब पी रहे लोगों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध लघु आपराधिक मामले दर्ज किए गए। साथ ही उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
गंदगी और असुरक्षा के खिलाफ पुलिस की पहल को जनसमर्थन
शहर के बाहरी इलाकों में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने और उसके बाद गंदगी फैलाने की घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में लंबे समय से नाराजगी रही है। कई स्थानों पर शराब के खाली पाउच, बोतलें और खाने-पीने की वस्तुओं के प्लास्टिक कचरे को खुले में फेंक दिया जाता है। इससे सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता प्रभावित होने के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
विशेष रूप से प्लास्टिक में बची खाद्य सामग्री और कचरे को आवारा पशु खा लेते हैं, जिससे उनके बीमार पडऩे का खतरा बना रहता है। वहीं, कुछ असामाजिक तत्व शराब सेवन के बाद कांच की बोतलें सडक़ों पर तोड़ देते हैं। इससे राहगीरों और मवेशियों के घायल होने की आशंका बढ़ जाती है।
ऐसे हालात में ड्रोन तकनीक के जरिए रात के समय निगरानी कर सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों की पहचान और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के पुलिस विभाग के कदम की नागरिकों ने सराहना की है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस प्रकार की तकनीक आधारित निगरानी से सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन कायम करने, स्वच्छता बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। शिवमोग्गा पुलिस की यह पहल कानून-व्यवस्था के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्वच्छता के प्रति जवाबदेही का भी एक उल्लेखनीय उदाहरण बनकर सामने आई है।