
जयपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने देह व्यापार के लिए सवाईमाधोपुर में लड़कियों की तस्करी का अंदेशा जताया है। दो दिन की गुपचुप पड़ताल के बाद उन्होंने खुलासा किया कि सवाईमाधोपुर में एक बड़ा रैकेट लड़कियों को देह व्यापार में धकेल रहा है। वे जिस इलाके में गईं, वहा हर घर में 5-6 लड़कियां होना संदेह पैदा कर रहा है और वहां से लड़कियां बाहर भेजने की भी जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि सोमवार को इस बारे में मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को अवगत कराएंगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष शर्मा ने राजस्थान पत्रिका से बातचीत में कहा कि सवाईमाधोपुर में देह व्यापार के बारे में प्रशासन को पता है। यहां उन्होंने जो देखा, उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि देह व्यापार में लिप्त लड़कियां क्या तस्करी कर लाई गई हैं, यह प्रशासन को देखना होगा। इसके लिए प्रशासन को सर्वे और डीएनए करवाना होगा। इस बारे में सवाईमाधोपुर कलक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की है। शर्मा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक को संबंधित लोगों के कॉल डिटेल ट्रैस करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन कार्रवाई की उम्मीद कम है। इसी कारण वे मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से मुलाकात करने जयपुर आ रही हैं।
भीलवाड़ा: मुक्त कराई एक लड़की की 3 को शादीराज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने बताया कि पेपर के जरिए लड़कियां बेचने की घटना की जानकारी उन्होंने ली है। ये लड़कियां 2019 में मुक्त कराई जा चुकी हैं। इनमें से एक की इसी सप्ताह 3 नवम्बर को शादी होने वाली है और एक अपना पसंदीदा जीवनसाथी चुन चुकी है। इनके अलावा कुछ लड़कियां अभी बालिग नहीं हुई हैं।
सीएम ने कहा, भाजपा के समय की घटनामुख्यमंत्री अशाेक गहलोत ने गुजरात में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भीलवाड़ा में लड़कियों को बेचने की घटना 2005 में भाजपा के शासन में हुई, जिसे 2019 में उनकी सरकार ने उजागर किया।
सजा अब तक नहींभीलवाड़ा से जानकारी मिली है कि लड़कियां बेचने के मामले में पकड़े गए लोगों में से अब तक किसी को सजा नहीं हुई है। सभी के मामले में ट्रायल चल रही है।