
-सुनील सिंह सिसोदिया
Rajasthan Local Body Elections 2026: जयपुर: नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी सियासी टक्कर के बीच छोटे दलों ने भी चुनावी जमीन तैयार कर ली है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा), भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी), राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी), आम आदमी पार्टी (आप) और माकपा ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। कई दलों की सूची अंतिम दौर में है। इन दलों का जोर उन जिलों और निकायों पर है, जहां उनका संगठनात्मक आधार या स्थानीय प्रभाव है। ऐसे में कई वार्डों में इनकी मौजूदगी कांग्रेस-बीजेपी के वोटों का गणित प्रभावित कर सकती है।
आरएलपी लंबे समय से तैयारी में जुटी है। सभी जिलों में प्रभारी लगाने के साथ कई जगह निकायवार प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। मजबूत दावेदारों से आवेदन लेने के बाद अब क्षेत्रवार नामों पर मंथन कर पैनल तैयार किए जा रहे हैं। नागौर, जोधपुर, पाली, ब्यावर, बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं, बाड़मेर, बालोतरा और जयपुर सहित कई जिलों पर पार्टी का विशेष फोकस है।
बहुजन समाज पार्टी ने प्रत्याशी चयन का काम लगभग पूरा कर लिया है। पार्टी प्रदेशभर में जहां मजबूत उम्मीदवार मिलेंगे, वहां चुनाव लड़ेगी। प्रदेश प्रभारी भगवान सिंह बाबा ने बताया कि पार्टी मुख्य रूप से धौलपुर, करौली, अलवर, खैरथल-तिजारा, भरतपुर, डीग, दौसा, बहरोड़-कोटपूतली और चूरू पर फोकस कर रही है। जिला स्तर पर टिकट चयन पूरा हो चुका है। पार्टी की उम्मीदवारों की सूची जारी करने की तैयारी अंतिम दौर में चल रही है।
आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। पार्टी सभी जिलों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस के अनुसार आवेदनों की जांच पूरी हो चुकी है और शनिवार तक सभी जगह को लेकर सूची जारी कर दी जाएगी। चुनाव की निगरानी के लिए दिल्ली से 13 प्रभारी अलग-अलग क्षेत्रों में लगाए गए हैं।
भारत आदिवासी पार्टी का प्रदेश के मुख्य रूप से 7 जिलों में चुनाव लड़ाने पर फोकस है। इनमें आदिवासी क्षेत्र के जिले डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, सलूंबर, सिरोही और पाली जिले मुख्य रूप से शामिल हैं। जिनमें पाली और सिरोही के कुछ क्षेत्रों में चुनाव लड़ाया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत ने बताया कि प्रतापगढ़ और जयपुर जिले में टिकट फाइल कर दिए गए हैं। शेष जिलों में शनिवार तक सभी टिकट जारी कर दिए जाएंगे।
माकपा ने अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में प्रत्याशी चयन तेज कर दिया है। स्थानीय कमेटियों से मिले नामों पर जिला स्तर पर फैसला होगा और राज्य कमेटी से चर्चा के बाद प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
पार्टी सांसद अमराराम के अनुसार सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, कोटा, उदयपुर और जयपुर सहित अन्य जिलों में उम्मीदवार उतारे जाएंगे। स्थानीय स्तर पर मजबूत नाम सामने आने पर अन्य क्षेत्रों में भी पार्टी चुनाव लड़ेगी। चुनावी रणनीति तैयार कर ली गई है।