जयपुर

राजस्थान में कॉलेज छात्राओं को 30 हजार रुपए मिलेगी स्कॉलरशिप, जानें कब शुरू होगा आवेदन?

राजस्थान की पात्र कॉलेज छात्राओं को अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के तहत हर साल 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी। आवेदन 10 अगस्त से शुरू होंगे। यहां पढ़ें आवेदन की पूरी प्रक्रिया।
2 min read
Aug 05, 2026
Azim Premji Scholarship
Azim Premji Scholarship: (फोटो-एआई जेनरेटेड)

जयपुर। राजस्थान की कॉलेज छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के सरकारी कॉलेजों और मान्यता प्राप्त निजी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं को अब हर साल 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति मिलेगी। यह छात्रवृत्ति अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के तहत दी जाएगी। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने राज्य के सभी सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा रजिस्ट्रार को पत्र जारी कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र छात्राओं से आवेदन कराने के निर्देश दिए हैं।

10 अगस्त से शुरू होगा आवेदन

संयुक्त निदेशक (छात्रवृत्ति) दिलीप गोयल के अनुसार छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक रहेगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क होगी और सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

किन छात्राओं को मिलेगा लाभ?

इस योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं नियमित विद्यार्थी के रूप में सरकारी स्कूल या सरकारी कॉलेज से उत्तीर्ण की हो। साथ ही उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या विश्वसनीय निजी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में दो से पांच वर्ष की अवधि वाले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो। यह संस्थान राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी राज्य में हो सकता है।

दूसरी स्कॉलरशिप मिलने पर भी कर सकेंगे आवेदन

इस योजना की खास बात यह है कि यदि कोई छात्रा पहले से किसी अन्य छात्रवृत्ति योजना का लाभ ले रही है, तब भी वह अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने में अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलेगी। आवेदन करने के लिए यहां क्लिक करें।

पूरे कोर्स तक हर साल मिलेगी सहायता

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अनुसार यह पहल वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। पात्र छात्राओं को 30 हजार रुपए प्रति वर्ष की छात्रवृत्ति उनके पहले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा कोर्स की पूरी अवधि तक दी जाएगी, ताकि आर्थिक तंगी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

यह वीडियो भी देखें :

हजारों छात्राओं को मिल चुका है लाभ

कॉलेज शिक्षा विभाग के अनुसार वर्ष 2024-25 में राज्य की 5,216 छात्राओं और वर्ष 2025-26 में 27,345 छात्राओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। विभाग को उम्मीद है कि इस वर्ष पात्र छात्राओं की संख्या और अधिक बढ़ेगी। आवेदन केवल अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकेंगे।

Published on:
05 Aug 2026 06:00 am