जयपुर

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, इस माह में आ सकता है परिणाम

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Jul 15, 2018
rajasthan constable bharti

जयपुर। इंटरनेट बंद... हर पल चौकस निगाहें और प्रवेश के दौरान काफी सख्ती बरतने के बाद राजस्थान पुलिस ने रविवार को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने पर राहत की सांस ली। प्रदेशभर से पुलिस मुख्यालय में उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचने लगी हैं। अगस्त के पहले पखवाड़े में परीक्षा परिणाम घोषित करने की कोशिश में पुलिस मुख्यालय के अधिकारी जुट गए हैं।

दो दिन में 78 स्थानों पर 664 परीक्षा केन्द्रों हुई परीक्षा में 14.30 लाख प्रवेश पत्र ले चुके परीक्षार्थियों में से करीब पौने ग्यारह लाख परीक्षार्थी बैठे, जो करीब 75 फीसदी रहा। पुलिस मुख्यालय ने परीक्षा में गड़बड़ी रोकने और नकल गिरोह पर नकेल कसने के लिए परीक्षा केन्द्रों पर 14 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए थे। इसके बावजूद बाड़मेर में पांच परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ लेकर प्रवेश करते ही पकड़ लिया गया।

वहीं कोटा के एक स्कूल में रविवार शाम को दिए जाने वाला पेपर सुबह की पारी में बांटने की खबर भी जोरों की चल रही थी। कुछ छात्रों ने इसका आरोप भी लगाया है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इसकी पुष्टि स्पष्ट होगी। इधर पुलिस महानिदेशक ओपी गल्होत्रा ने राजस्थान के सभी पुलिसकर्मियों को सकुशल परीक्षा करवाने पर तारीफ की और साथ में इंटरनेट सेवा बंद रखने से आमजन को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।

फैक्ट फाइल
कुल पद - 13142

आवेदन आए - 15 लाख

प्रवेश पत्र - 14.30 लाख के हुए डाउनलोड

करीब - 10.45 लाख परीक्षार्थी बैठे परीक्षा में

इनमें भी करीब - 40 हजार परीक्षार्थियों ने दो जगह से किया था आवेदन

बैंड व खिलाड़ी - कोटे से भर्ती होने वालों को लिखित परीक्षा नहीं देनी थी

अन्य परीक्षार्थी - परीक्षा देने नहीं आए और बड़ी संख्या में नियमों की सख्ती के चलते परीक्षा में नहीं बैठ पाए


कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गई हैं। कोटा में पेपर शाम को पेपर सुबह की पारी में बांटने की बात गलत है। किसी भी सेंटर पर किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है। सभी जगह सुव्यवस्थित तरीके से परीक्षा हुई है।
प्रशाखा माथुर, आईजी भर्ती परीक्षा, पीएचक्यू

Published on:
15 Jul 2018 09:49 pm