जयपुर

Rajasthan Education: महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में योग्य शिक्षकों की होगी नियुक्ति: शिक्षा मंत्री

Mahatma Gandhi English Medium School: महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में योग्य शिक्षकों की होगी नियुक्ति, शिक्षा मंत्री का विधानसभा में बयान। प्रदेश के 3737 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करेगी सरकार।

2 min read
Mar 09, 2026
Minister Madan Dilawar announces Temples in Rajasthan villages get leases Meat license is mandatory in village
पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर। फाइल फोटो पत्रिका

English Medium School: जयपुर. प्रदेश में महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा मंत्री मदन दिलावार ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यकतानुसार शिक्षकों के पद सृजित कर रही है और साक्षात्कार के माध्यम से योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में सरकारी विद्यालयों को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में परिवर्तित कर दिया गया था, लेकिन वहां शिक्षकों के पद सृजित नहीं किए गए। इससे कई विद्यालयों में पढ़ाई की व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि अब सरकार इस स्थिति को सुधारने की दिशा में काम कर रही है ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।

उन्होंने बताया कि यह जानकारी उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान विधायक महंत बालकनाथ द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्न के उत्तर में दी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि गत सरकार के समय प्रदेश में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक कुल 3737 विद्यालयों को महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में परिवर्तित किया गया था। इनमें से कई विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और कुछ जगह ऐसे शिक्षक लगाए गए थे जो स्वयं अंग्रेजी माध्यम से शिक्षित नहीं थे।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा का कोई प्रावधान नहीं है, हालांकि यदि इस संबंध में कोई प्रस्ताव प्राप्त होता है तो उस पर विचार किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कई विद्यालय ऐसे भी हैं जहां विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम है। कुछ स्कूलों में तो 10 से भी कम विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जबकि कहीं-कहीं यह संख्या शून्य तक पहुंच गई है। ऐसे विद्यालयों की स्थिति का भी विभाग द्वारा मूल्यांकन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 3737 महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तथा 134 स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल संचालित हैं। इन विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों और कार्यरत शिक्षकों का विस्तृत विवरण भी विधानसभा में प्रस्तुत किया गया।

Published on:
09 Mar 2026 03:31 pm