जयपुर

जीत के लिए प्रत्याशी लेेंगे गणपति की शरण, अब तक सिर्फ चार नामांकन, बुधवार को होगा श्रीगणेश

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
shub muhurat
जीत के लिए प्रत्याशी लेेंगे गणपति की शरण, अब तक सिर्फ चार नामांकन, बुधवार को होगा श्रीगणेश

विजय शर्मा / जयपुर। सात दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू हुए दो दिन हो गए हैं लेकिन जयपुर जिले में अभी तक चार प्रत्याशियों ने ही नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के दूसरे दिन मंगलवार को सुबह से दोपहर तीन बजे तक जिला कलक्ट्रेट में सन्नाटा पसरा रहा। सुबह 11 से दोपहर दो बजे एक भी प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा। आखिर में निर्दलीय प्रत्याशी बबीता बाधवानी ने सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। दरअसल प्रत्याशी जीत के लिए कोई कसर नहीं छोडऩा चाहते। लिहाजा शुभ मुहूर्त के लिए प्रत्याशी पंडितों और ज्योतिषियों की सलाह ले रहे हैं।

किसी ने राशि तो किसी ने दिन के हिसाब से मुहूर्त निकलवाया है और उसी शुभ मुहूर्त में ही नामांकन दाखिला करना चाहते हैं। ज्योतिष शास्त्र के जानकार अजय शर्मा का कहना है कि प्रत्याशी चाहे कोई भी हो, पर्चा भरने के लिए वे पंडितों से मुहूर्त निकलवा रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि बुधवार को अधिक से अधिक प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। इधर, कई प्रत्याशी 19 नवंबर को देवउठनी एकादशी के इंतजार में रुके हुए हैं।


इन बातों का रख रहे ध्यान
-नामांकन पर्चा किस समय दाखिल करें
-घर से कब निकलें और कौन-सा पैर आगे रखें
-कैसे वस्त्र पहनकर निकलें, किस मंत्र का उच्चारण करें, कौनसे भगवान को याद करते हुए घर से निकलें।
-घर से निकलने के बाद निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में किस समय प्रवेश करें।
-नामांकन के कागजात किस समय सौंपें, कितने पर्चे दाखिल करें।

जिनको टिकट अटके, वे तलाश रहे शुभ मुहूर्त
पार्टी जिन उम्मीदवारों को टिकट दे चुकी हैं, उन्होंने तो नामांकन का दिन तय कर लिया है। लेकिन जिनके टिकट अटके हुए हैं, उनमें घबराहट हो रही है। टिकटों की इस उलझन में कई ऐसे हैं, जो नामांकन के लिए शुभ मुहूर्त निकलवाने में लगे हैं। उन्हें उम्मीद है कि पार्टी उन्हें ही टिकट देगी।


नामांकन के लिए मुहूर्त की स्थिति
14 नवंबर : श्रवण नक्षत्र और बुधवार होने से गणेश जी की विशेष कृपा रहेगी


15 नवंबर : दिनभर भद्रा रहेगी, इसलिए श्रेष्ठ मुहूर्त


16 नवंबर : दोपहर 11.46 बजे से रवि योग, इसलिए शुभ


17 नवंबर : पूरा दिन रवि योग होने से नामांकन के लिए शुभ


18 नवंबर : रविवार होने से नामांकन नहीं होगा


19 नवंबर : एकादशी सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त, उत्तरा भाद्रपद नक्षत्र भी साथ रहेगा, अधिक से अधिक नामांकन की संभावना
(बंशीधर पंचाग के निर्माता पं. दामोदर प्रसाद शर्मा के अनुसार)

Published on:
13 Nov 2018 09:37 pm