जयपुर

विधानसभा चुनाव को लेकर 7 जून को दिल्ली में होगी गाइडलाइन तय!

राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों को लेकर 7 जून को दिल्ली में गाइडलाइन तय होगी।
2 min read
Jun 04, 2018
rajasthan election 2018

जयपुर। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों को लेकर 7 जून को दिल्ली में गाइडलाइन तय होगी। इन राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को मुख्य चुनाव आयुक्त ने अब तक पूरी की जा चुकी चुनाव तैयारी साथ दिल्ली बुलाया है। ऐसे में मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुरी टीम के साथ दिल्ली जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक आयोग से बुलाए जाने के बाद निर्वाचन कार्यालयों ने अब तक चुनाव को लेकर राज्यों में की जा चुकी तैयारियों की रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है। इस बैठक में चुनाव कलैण्डर तैयार किया जाएगा।

बैठक में चुनाव के दौरान पुलिस बल की उपलब्धता, मतदान केन्द्रों व व्यवस्थाएं, मतदाता सूची पुनरीक्षण, बैलट मतपत्र, ईवीएम और वीवीपेट मशीन जांच, प्रदेश के जिलों में लम्बे समय से एक ही पद पर बैठे कार्मिकों तबादलों की स्थिति, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही अन्य चुनाव तैयारी को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से राज्यों में चुनाव एक या दो चरण में कराए जाने को लेकर भी चर्चा होगी।

राजस्थान में मुख्य तक विधानसभा चुनाव एक चरण में ही हुए हैं। हालांकि पिछला लोकसभा चुनाव जरूर दो चरण में हुआ था। चुनाव तैयारी को लेकर अभी राज्यों में मतदाता सूची का सर्वे शुरू हो चुका है। यह काम 15 जून तक चलेगा।

सर्वे में नाम जोडऩे से वंचित रहे लोगों की पहचान के साथ गलत नाम जुड़वाने वालों को चिन्हित करने सहित अन्य कार्य होंगे। इसके बाद राज्यों में मतदाता सूची में जोडऩे और संशोधित करने को लेकर 31 जुलाई से संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलेगा। उधर, चुनाव को लेकर तमाम तरह की चुनाव सामग्री के प्रकाशन का काम पहले ही शुरू कराया जा चुका है।

Published on:
04 Jun 2018 08:23 pm