जयपुर

चेले रहे, अब गुरुजी को दे रहे टक्कर, पांच विधानसभा क्षेत्रों में रोचक स्थिति

www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Oct 21, 2018

जयपुर। टिकट के लिए दोस्त भी दुश्मन बन जाते हैं, वहीं राजधानी के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में गुरुजी के आगे चेले ही चुनौती बनकर खड़े हो गए हैं। शहर में सभी विधानभा सीटों पर भाजपा काबिज है।

इनमें से कुछ क्षेत्रों में वे लोग भी खुलकर टिकट के लिए ताल ठोक रहे हैं, जो कभी अपने नेता को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं में सबसे आगे होते थे। एेसी रोचक स्थिति हवामहल, आदर्श नगर, सांगानेर, मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिल रही है।

हालांकि भाजपा संगठन ऐसी स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जिससे किसी तरह की बगावत जैसे हालात नहीं पनपे। संगठन भी मान रहा है कि दावेदारी जताने से किसी को रोका नहीं जा सकता है, लेकिन एक—दूसरे के खिलाफ होने की स्थिति नहीं पनपनी चाहिए।

कहां कौन नेताजी के टिकट पर खतरा

हवामहल: 25-30 वर्ष का साथ
विधायक सुरेन्द्र पारीक के सिपहसालार के रूप में उपमहापौर मनोज भारद्वाज काम करते रहे हैं। पिछले 25—30 वर्षों से संपर्क में हैं। भारद्वाज सभी चुनावों में पारीक के साथ रहे, उन्हें आगे बढ़ाने की मुख्य भूमिका रही। अब पारीक के साथ मनोज भारद्वाज भी टिकट की दावेदारी जता रहे हैं।

मालवीय नगर: देखते थे प्रबंधन
चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ विधायक हैं और अब इनके सामने उन्हीं के सिपहसालार रहे अशोक गर्ग ने ताल ठोक रखी है। गर्ग पिछले 40 वर्ष से सराफ के साथ हैं और सभी सातों विधानसभा चुनाव में प्रबंधन का काम किया। सराफ ने भी प्रबंधन की पूरी कमान गर्ग को ही दे रखी थी। चर्चा यह भी है कि एक विधानसभा चुनाव में गर्ग को भी टिकट का मौका भी मिला लेकिन फिर सराफ की झोली में चला गया।

सांगानेर: अब जता दी दावेदारी
यहां से सांसद रामचरण बोहरा, पार्षद विष्णु लाटा भी टिकट दावेदारो में हैं। सासंद बोहरा के चेले के रूप में विष्णु लाटा को माना जाता रहा है। चर्चा यह भी है कि लाटा को पार्षद का टिकट दिलाने में भी बोहरा की मुख्य भूमिका रही। लाटा लोकसभा चुनाव में पूरी तरह समर्पित रहे। अब सांगानेर से ही विधायक टिकट की दावेदारी जता रहे हैं।

सिविल लाइंस: टिकट के लिए आए आगे
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी यहीं से फिर सक्रिय हो रहे हैं। इनके साथ गोविन्द अग्रवाल, दिनेश सैनी भी दावेदारी जता रहे हैं। दिनेश सैनी तो एक दिन पहले ही समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंच गए। दोनों ने ही पार्षद का टिकट मांगा था, लेकिन नहीं मिला।

आदर्श नगर: प्रचार में हमेशा रहे आगे
मौजूदा विधायक अशोक परनामी हैं और पूर्व पार्षद सरदार कुलवंत सिंह चुनाव में उनके साथ रहे हैं। सभी चुनाव में परनामी के समर्थन में कैम्पेनिंग की। भाजपा जयपुर शहर उपाध्यक्ष बनाने में भी परनामी की भूमिका रही।

टिकट मांगने का अधिकार सभी को है। इसमें किसी को भी नहीं रोका जा सकता है। जो भी टिकट मांग रहे हैं, वो भी हमारे साथी हैं। -रामचरण बोहरा, सांसद

जो भी दावेदारी जता रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि जनता कितना जानती है। सभी हमारे साथी हैं, -सुरेन्द्र पारीक, विधायक

पार्टी में सभी को टिकट मांगने का अधिकार हैं। सभी साथ में हैं और रहेंगे।-अरुण चतुर्वेदी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री (विधायक—सिविल लाइंस)

Published on:
21 Oct 2018 08:39 am
Also Read
View All