जयपुर

किसानों की बल्ले-बल्ले, मोटे अनाज की खेती अब हुई मुनाफे का सौदा, डेढ़ गुना बढ़े भाव

Rajasthan Farmers are Happy : किसानों की बल्ले-बल्ले। मोटे अनाज की खेती अब मुनाफे का सौदा बन गई है। हर तरफ डिमांड होने की वजह से रेट करीब डेढ़ गुना से अधिक हो गए हैं।
2 min read
Rajasthan Farmers are Happy Coarse Grains Cultivation Profitable Deal Prices Increased
File Photo

Rajasthan Farmers are Happy : मोटे अनाज की लोगों ने उपयोगिता समझी और इसे नियमित भोजन में शामिल करना शुरू कर दिया। इससे बाजार में बाजरा, मक्का व ज्वार जैसे मोटे अनाज की खपत 15 फीसदी बढ़ गई है। इनकी कीमतों में भी डेढ़ गुना तक उछाल आ गया है। घाटे की खेती मानने वाले किसानों के लिए अब यह मुनाफे की फसल साबित होने लगी है। मोटे अनाज के व्यंजन लोगों के रोजमर्रा के भोजन के साथ होटलों व शादी-ब्याह के मेन्यू में शामिल हो गए हैं। सरकार भी इसे प्रमोट कर रही है। दो साल पहले 19-20 रुपए किलो मिलने वाला बाजरा-मक्का अब 29 से 30 रुपए किलो तक पहुंच गए। अब बाजरा, मक्का व ज्वार जैसे मोटे अनाज ऑफ सीजन में भी बिक रहे हैं।

बारिश से पैदावार प्रभावित, आएगी तेजी

इस बार बारिश अच्छी होने से बाजरे की पैदावार प्रभावित हुई है। बाजरे की फसल खेतों में ही खराब हो रही है। वहीं सितंबर तक बाजार में आने वाली मक्का इस बार अभी तक नहीं आई है। ऐसे में इनके दामों में और तेजी आने की चर्चा है।

यह भी पढ़ें -

यूं आया उछाल

अनाज - दो साल पहले भाव - वर्तमान में (भाव प्रति किलो)
बाजरा - 19 से 20 रुपए - 28 से 29 रुपए।
मक्का - 19 से 20 रुपए - 30 रुपए।
ज्वार - 20 से 22 रुपए - 28 से 29 रुपए।

इस कारण बढ़े भाव (व्यापारियों के अनुसार)

  • दिनोंदिन मोटे अनाज की डिमांड बढ़ने से मक्का-बाजरा की खपत बढ़ी।
  • हर साल बढ़ रहे समर्थन मूल्य ने भी बढ़ाए भाव।
  • बाजरे की पैदावार इस बार 42 से 45 लाख टन होने की उम्मीद थी, लेकिन बारिश के चलते यह आंकलन घटकर 30 लाख टन ही रह गया है।
  • मक्का की पैदावार इस बार देरी से होने से भावों में तेजी आई।
  • ज्वार में भी मक्का व बाजरा के साथ तेजी आ जाती है।

मोटे अनाज की खपत बढ़ी - राजस्थान कृषि उपज मंडी जयपुर सचिव

राजस्थान कृषि उपज मंडी जयपुर सचिव भगवान सहाय ने बताया कि सरकारी योजनाओं और लोगों के उपयोग करने से मोटे अनाज की खपत बढ़ गई। व्यापारियों के पास स्टॉक में माल नहीं है। मक्का का नया माल अभी आ नहीं रहा है।

बाजरे के भाव बढ़ गए जानें क्यों - राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ चेयरमैन

राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ चेयरमैन बाबूलाल गुप्ता ने कहा बाजरा व मक्का की खपत 15 फीसदी बढ़ गई है, जबकि बाजरे की पैदावार इस बार 12 से 15 लाख टन कम होने का आंकलन है, ऐसे में बाजरे के भाव बढ़ गए हैं। मक्का की पैदावार अच्छी होने की उम्मीद है। इनके साथ ज्वार में भी तेजी आ गई है।

भाव और अधिक बढ़ जाएंगे - व्यापारी

मुहाना मंडी व्यापारी के.जी. झालानी ने कहा मोटे अनाज की मांग ने इनके दाम बढ़ा दिए हैं। अगर इस बार उत्पादन कम हुआ तो ये भाव और अधिक बढ़ जाएंगे, जबकि आज से 5 साल पहले आधे ही भाव थे।

यह भी पढ़ें -

Updated on:
16 Sept 2024 06:19 pm
Published on:
16 Sept 2024 06:19 pm