मौसम विभाग की मानें तो आगामी दो दिनों में हीटवेव का असर और तेज होगा। ऐसे में रात और दिन के पारे में दो डिग्री तक और बढ़ोतरी होगी।
Heatwave in Rajasthan : जयपुर। ज्येष्ठ का महीना शुरू हो गया है। इसका असर तापमान में देखने को मिल रहा है। प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। राज्य में कई शहरों का पारा 50 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। गुरुवार को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 48.8 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर में 28 साल बाद सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया था। इससे पहले 1995 में 49.9 डिग्री अधिकतम तापमान रेकॉर्ड किया गया था। मौसम केन्द्र की मानें तो बाड़मेर गुरुवार को भी देश का सबसे गर्म शहर घोषित किया गया। यहां का अधिकतम तापमान देश में सर्वाधिक दर्ज किया गया। वहीं, सात शहरों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री से अधिक दर्ज किए गए। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दो दिनों में हीटवेव का असर और तेज होगा। ऐसे में रात और दिन के पारे में दो डिग्री तक और बढ़ोतरी होगी। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 28 मई के बाद हीटवेव का असर थोड़ा कम होगा।
गर्मी और लू से गुरुवार को सेना के जवान सहित 8 लोगों की मौत हो गई। बीकानेर महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में युद्ध अभ्यास के दौरान भिवानी हरियाणा निवासी जवान संदीप कुमार की तबीयत बिगड़ गई। जवान की उपचार के दौरान सूरतगढ़ स्थित सेना अस्पताल में मौत हो गई। वहीं जालोर में एक महिला सहित चार लोगों की गर्मी से मौत हो गई। जोधपुर में एक खानाबदोश, भीलवाड़ा में कुल्फी बेचने वाले और जैसलमेर में 55 वर्षीय वृद्ध की हीट स्ट्रॉक से मौत हो गई।
प्रदेश में दिन के साथ रातें भी गर्म हो रही है। शहरों में न्यूनतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच रहा है। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान फलोदी में 34.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा जालोर में 34.2, करौली में 32.5, डूंगरपुर में 33.5, धौलपुर में 31.7, चूरू में 31.4, जोधपुर में 31.6, जैसलमेर में 33.3, बाड़मेर में 32.2, डबोक में 32.3, कोटा में 33.6, जयपुर में 32.2, भीलवाड़ा में 31.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार राजस्थान में लगातार दिन और रात के पारे में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अधिकतर शहरों में दिन का तापमान 45 से 48 डिग्री तक दर्ज किया गया जा रहा है। ऐसे में लगातार अधिक तापमान में रहने से बीमार पड़ने की आशंका बनी रहती है। मानव शरीर ज्यादा दिनों में दिन और रात का अधिक तापमान नहीं सहन कर सकता। श्रमिकों को धूप में काम करने से इन दिनों बचना चाहिए। हीट स्ट्रॉक का खतरा रहता है। वहीं, पशु-पक्षियों के लिए यह गर्मी खतरनाक है। गर्मी अधिक पड़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग, बिजली और पीएचईडी को विशेष इंतजाम करने होंगे। लोग ऐसा नहीं समझें कि घरों में रहकर बचा जा सकता है। घर में रहकर भी गर्मी के उपाय करें।
बाड़मेर : 48.8
भीलवाड़ा : 46
वनस्थली : 45.6
कोटा : 47.2
चित्तौडगढ़ : 45.4
जैसलमेर : 47.4
फलोदी : 48.6
बीकानेर : 46.5
चूरू : 47
गंगानगर : 46.1
डुंगरपुर : 46.8
जालोर : 47.3
फतेहपुर : 47.6