जयपुर

लू का अलर्ट: बच्चों-बुजुर्गों और पशुओं को ऐसे बचाएं, जानिए 10 जरूरी सावधानियां

Heatwave Warning: भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की विशेष देखभाल के साथ 10 जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की गई है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम से बचा जा सके।

2 min read
Apr 23, 2026
Feature image
Photo AI

Heatwave Advisory: जयपुर. प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और आने वाले दिनों में हीटवेव (लू) की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने आमजन की सुरक्षा के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की उप शासन सचिव शैफाली कुशवाहा ने बताया कि “गर्मी/लू-ताप की लहर (क्या करें और क्या न करें)” विषयक दिशा-निर्देश जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

सरकार ने नागरिकों, नियोक्ताओं और पशुपालकों से कहा है कि वे लू के दुष्प्रभावों से बचने के लिए जरूरी उपाय अपनाएं। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का अतिरिक्त ध्यान रखने को कहा गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की ताजा जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करें और दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें। साथ ही ओआरएस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों को अपने आहार में शामिल करें।

धूप में निकलते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने, सिर को ढकने और धूप के चश्मे व सनस्क्रीन का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। नियोक्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे कार्यस्थलों पर ठंडा पेयजल, प्राथमिक उपचार सामग्री और छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित करें। भारी कार्य सुबह या शाम के समय ही कराए जाएं।

पशुपालकों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पशुओं को छांव में रखने, ठंडा पानी उपलब्ध कराने और दोपहर 11 से शाम 4 बजे तक उनसे काम न लेने की सलाह दी गई है।

हीटवेव से बचने के 10 जरूरी उपाय

  1. दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
  2. दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
  3. ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी का सेवन करें
  4. हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें
  5. सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकें
  6. भारी, बासी और अधिक प्रोटीनयुक्त भोजन से बचें
  7. शराब, चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक का कम सेवन करें
  8. बच्चों और पालतू पशुओं को बंद वाहन में न छोड़ें
  9. ज्यादा मेहनत वाले काम धूप में न करें
  10. चक्कर, कमजोरी या उल्टी लगे तो तुरंत ठंडे स्थान पर जाकर आराम करें

आपात स्थिति में लक्षण गंभीर होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएं या 108/112 पर संपर्क करें।

Updated on:
23 Apr 2026 04:34 pm
Published on:
23 Apr 2026 03:54 pm