
New Train in Rajasthan: जयपुर। राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे की ओर से वाराणसी-साबरमती-वाराणसी प्रतिदिन एक्सप्रेस नई रेलसेवा शुरू की जा रही है। इस ट्रेन के संचालन से राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। नई रेलसेवा से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और प्रमुख शहरों के बीच यात्रा के लिए एक और विकल्प उपलब्ध होगा।
रेलवे की ओर से इस नई सेवा की शुरुआत के अवसर पर 30 अक्टूबर 2026 को साबरमती से वाराणसी के बीच उद्घाटन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09405 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट उद्घाटन स्पेशल 30 अक्टूबर, शुक्रवार को साबरमती से सुबह 10:30 बजे रवाना हुई। ट्रेन अगले दिन सुबह 11:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
नई रेलसेवा का राजस्थान के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ मिल सकेगा। ट्रेन महेसाना और पालनपुर होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। इसके बाद आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर और अजमेर स्टेशन पर ठहराव करेगी।
आगे ट्रेन किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महुआ रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इसके बाद ट्रेन ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला, गोविन्दपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
इस रूट से राजस्थान के यात्रियों को गुजरात, उत्तर प्रदेश और मार्ग में पड़ने वाले अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से जयपुर, अजमेर, ब्यावर, बांदीकुई और भरतपुर जैसे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इस सेवा से फायदा हो सकता है।
रेलवे के अनुसार, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे। इनमें एक फर्स्ट एसी, दो सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, छह द्वितीय शयनयान और चार साधारण श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ट्रेन में एक गार्ड कोच और एक पावरकार भी रहेगा।