जयपुर

राजस्थान में यहां रोजाना सैकड़ों वाहन टोल बचाकर निकल रहे थे, टोल प्रबंधन ने खुदवाए गड्ढे, तहसीलदार ने लिया एक्शन

Rajasthan News: टोल प्लाजा के पास गैर मुमकिन नदी बहाव क्षेत्र में टोल प्रबंधन की ओर से वाहनों चालकों द्वारा लगातार टोल बचाकर निकलने पर जेसीबी से गड्ढे व खाइयां खुदवा दी थी। शिकायत के बाद तहसीलदार ने एक्शन लिया।
2 min read
Apr 04, 2024
toll_plaza.jpg

Rajasthan News: चौमूं-कालाडेरा-रेनवाल सड़क मार्ग स्थित जैफों की ढाणी के पास बने टोल प्लाजे के पास गैर मुमकिन नदी बहाव क्षेत्र में टोल प्रबंधन की ओर से खुदवाएं गए गड्ढों व खाइयों के खिलाफ चौमूं तहसीलदार ने कार्रवाई की। ग्रामीणों व ग्राम पंचायत की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे चौमूं तहसीलदार विजयपाल सिंह ने तीन जेसीबी से खुदवाई गई खाइयों व गड्ढों को बंद करवाया।


जानकारी अनुसार चौमूं-कालाडेरा-रेनवाल सड़क मार्ग स्थित जैफों की ढाणी के पास बने टोल प्लाजा के पास गैर मुमकिन नदी बहाव क्षेत्र में टोल प्रबंधन की ओर से वाहनों चालकों द्वारा लगातार टोल बचाकर निकलने पर पिछले करीब सवा माह पहले टोल प्रबंधन ने टोल के पास नदी बहाव क्षेत्र के करीब 40 से 50 मीटर के रास्ते में जेसीबी से गड्ढे व खाइयां खुदवा दी थी। जिसके चलते आवागमन का रास्ता बंद हो गया था।


इसके बाद ग्रामीणों व ग्राम पंचायत की ओर से तहसीलदार को शिकायत की गई। जिसके बाद तहसीलदार विजयपाल सिंह ने बुधवार शाम मौके पर पहुंचकर तीन जेसीबी से गड्ढों व खाइयों को बंद करवाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गड्ढों में गिरने से कई मवेशी घायल हो गए हैं। साथ ही काश्तकारों को भी परेशानी हो रही थी। इस मौके पर कालाडेरा सरपंच अशोक शर्मा, गिरदावर रामगोपाल मीणा, पटवारी विकास यादव आदि मौजूद थे।


टोल प्रबंधन को किया पाबंद....

तहसीलदार ने टोल प्रबंधन के कार्मिकों को वापस नदी बहाव क्षेत्र में गड्ढे या खाइयां नहीं खुदवाने की हिदायत देते हुए पाबंद किया। उन्होंने टोल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा वापस करने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा। भूमि का सीमाज्ञान करने पर पाया कि टोल प्रबंधन की ओर से बनाया गया कार्यालय व अन्य भवन का आधा हिस्सा भी नदी क्षेत्र में पाया गया। तहसीलदार ने नोटिस देने की बात कही है।


इनका कहना है.....

गैर मुमकिन बहाव क्षेत्र में टोल प्रबंधन की ओर से जेसीबी से गड्ढे व खाइयां खुदवा दी थी। शिकायत के बाद जेसीबी से वापस भरवाकर टोल प्रबंधन को वापस नहीं खुदवाने के लिए पाबंद किया है।
-विजयपाल सिंह, तहसीलदार चौमूं


रोजाना सैकड़ों वाहन टोल के पास से टोल बचाकर निकल रहे थे, जिससे रोजाना हजारों रुपए का राजस्व का नुकसान हो रहा था। टोल प्लाजा भवन का निर्माण आरएसआरडीसी की ओर से करवाया गया है, जिसको लेकर उनके अधिकारी ही जवाब देंगे।
-विजेन्द्र सिंह, टोल मैनेजर कालाडेरा टोल प्लाजा

Updated on:
04 Apr 2024 03:12 pm
Published on:
04 Apr 2024 01:16 pm