जयपुर

रोडवेज ने खोला पिटारा, जयपुर-दिल्ली वोल्वो का सफर 200 रुपए सस्ता, मासिक पास और अग्रिम आरक्षण पर भी दी भारी छूट

रोडवेज ( Rajasthan Roadways ) ने यात्री भार बढ़ाने के लिए शुरू की फ्लैक्सी फेयर योजना, समूह में यात्रा करने, मासिक पास बनवाने और अग्रिम आरक्षण कराने पर भी मिलेगी किराए में छूट, अब मंगल, बुध और गुरुवार को जयपुर-दिल्ली वोल्वो का सफर 700 रुपए में
2 min read
• •
Updated: 5 Sep 2019, 8:36 PM IST
jaipur delhi volvo
रोडवेज ने खोला पिटारा, जयपुर-दिल्ली वोल्वो का सफर 200 रुपए सस्ता, मासिक पास और अग्रिम आरक्षण पर भी दी भारी छूट

विजय शर्मा / जयपुर। घाटे में चल रही रोडवेज ( Rajasthan Roadways ) ने यात्री भार बढ़ाने के लिए फ्लैक्सी फेयर योजना ( Flexi Fair Scheme ) की शुरूआत की है। इसमें जयपुर से दिल्ली सुपर लग्जरी का किराया घटाकर 700 रुपए कर दिया है। यह किराया सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बुधवार और गुरूवार को ही लागू होगा। यानी शुक्र, शनि, रवि और सोमवार को 900 रुपए ही लगेंगे। यह प्रयोग पहले तीन महीनों के लिए शुरू किया गया है।

कार्यकारी प्रबंधक जनसंपर्क सुधीर भाटी ने बताया कि समूह में यात्रा करने, मासिक पास बनवाने और अग्रिम आरक्षण कराने पर भी यात्रियों को किराए में छूट दी जाएगी। ये तीन तरह के आदेश रोडवेज की सभी बसों में लागू होंगे। रोडवेज ने गुरूवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। 11 सितंबर से ये योजना के तहत किराए में छूट लागू होगी। इधर, बता दें कि गत दो महीने से रोडवेज में जयपुर-दिल्ली के बीच किराया कम करने की कवायद चल रही थी। इसका निर्णय बोर्ड बैठक में भी लिया गया था। डिलेक्स डिपो और दिल्ली रूट के लगातार घाटे में जाने से रोडवेज को नुकसान हो रहा था। पिछले एक साल में डिलेक्स डिपो सबसे नीचे पायदान पर आ गई ।

तीन दिन ही क्यों राहत जानिए
जयपुर से दिल्ली के लिए रोडवेज 23 वोल्वो बसें चला रहा है। इनमें सबसे कम यात्री भार मंगलवार, बुधवार और गुरूवार को ही आता है। आलम यह है कि बस में एक या दो यात्री ही आते हैं। ऐसे में बसें निरस्त करनी पड़ जाती है। बाकी चार दिन यात्री भार ज्यादा रहता है। इसीलिए रोडवेज ने इन तीनों में ही यात्री भार बढ़ाने के लिए किराए में कटौती की है। बाकी दिन रोडवेज पूरा 900 रुपए किराया लेगा।

समझें बाकी तीन तरह से कैसे मिलेगी किराए में राहत

समूह में यात्रा करने पर छूट : बस में न्यूनतम चार और अधिकतम छह यात्री के ऑनलाइन रिजर्वेशन, टिकट बुकिंग और अग्रिम आरक्षण पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। अग्रिम आरक्षण में छूट का लाभ वाहन के प्रस्थान समय से 12 घंटे पूर्व बुकिंग कराने पर मिलेगा। बस में टिकट लेने पर भी राहत मिलेगी।

16 दिन पहले टिकट बुक करने पर 20 फीसदी छूट
बस में यात्रा करने के लिए तीन से 15 दिन पूर्व आरक्षण कराने पर 10 प्रतिशत की किराए में छूट मिलेगी। वहीं, 16 से 30 दिन पहले टिकट बुक करने पर 20 प्रतिशत यात्री किराए में रियायत दी जाएगी।

मासिक पास बनवाने पर क्या राहत
रोडवेज की बसों में एक, दो और तीन माह के लिए मासिक पास बनाने वाले यात्रियों को वर्तमान में तीन दिवस के लिए 50 प्रतिशत छूट दी जा रही थी। अब 60 प्रतिशत छूट यानी एक माह में 12 दिवस के यात्री किराए पर मासिक यात्रा पास दिए जाएंगे।

यह जानना जरूरी : एक साथ दो योजनाओं का लाभ नहीं

- एक बार में एक ही योजना का लाभ मिलेगा

- महिला अगर 30 प्रतिशत छूट लेगी तो इन योजना फायदा नहीं मिलेगा

- राजस्थान से बाहर जाने वाली महिला को फ्लैगी योजना में लाभ मिलेगा

- दूसरे राज्यों के यात्रियों को लाभ मिलेगा

- चार और छह से अधिक यात्रियों को किराए में राहत मिलेगी, अगर पांच यात्री होंगे तो एक का किराया पूरा लगेगा।

Published on: