
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Sachin Pilot आज दोपहर जयपुर में स्थित सिंधी कैम्प बस अड्डा पहुंचे, जहां भाजपा सरकार की वादा खिलाफ़ी से आक्रोषित धरने पर बैठे रोडवेज बस कर्मचारियों से मुलाक़ात की। इस अवसर पर पायलट ने कर्मचारियों की समस्याएं एवं मांगो को सुना। उन्होंने कहा कि 18 दिनों से कर्मचारी हड़ताल पर बैठे है, लेकिन मुख्यमंत्री जी चुनाव प्रचार में व्यस्त है, उन्हें कर्मचारियों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। कर्मचारियों के प्रति वसुंधरा सरकार का ये लापरवाह बर्ताव निंदनीय है और आश्चर्य है कि वादा करने के बावजूद अब इनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
पिछले 18 दिनों में सरकार ने धरने पर बैठे कर्मचारियों की सूध लेना भी ज़रूरी नहीं समझा, अब मोदी के दौरे में विरोध प्रदर्शन के डर से कमेटी का गठन कर गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। वसुंधरा जी चाहती तो बहुत पहले ही समाधान कर चुकी होती, लेकिन उनकी प्राथमिकता जनहित के कार्य कभी रहे ही नहीं। दो महीने बाद सरकार बनी तो आपकी मांगों को प्राथमिकता देंगे।
पायलट ने कहा कि आज हम विपक्ष में है लेकिन कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते में आपको आश्वस्त करता हूं कि दो महीनों बाद प्रदेश में चुनाव है और जनता ने कांग्रेस को आशीर्वाद दे कर भाजपा की विदाई का मन बना लिया है। कांग्रेस की जो सरकार बनेगी उसमें आपकी सभी वाजि़ब मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का काम हम करेगें। इतना ही नहीं अपने घोषणा पत्र में भी हम इस बात को रखेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से जो कांग्रेस की सरकार बनेगी वो आपकी सरकार होगी, उसमे आपकी पूरी भागीदारी होगी।