
जयपुर। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने वनरक्षक भर्ती परीक्षा 2020 की साल 2022 में हुई लिखित परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बिठाकर परीक्षा पास करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। रीट भर्ती परीक्षा-2021 में उसने अपनी जगह डमी अभ्यर्थी को परीक्षा दिलवाने की कोशिश की थी, हालांकि तब परीक्षा से ठीक पहले ही सिंधी कैंप थाना पुलिस ने मूल अभ्यर्थी प्रमिला और डमी अभ्यर्थी दोनों को पकड़ लिया था। वनपाल भर्ती के दस्तावेज सत्यापन और पुलिस वैरिफिकेशन में प्रमिला ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे की जानकारी छुपाई और वनरक्षक के पद पर जॉइन कर लिया।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (SOG) विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रमिला (29) पुत्री रामलाल है, जो सरनाऊ (जालोर) की रहने वाली है। वर्तमान में वह सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र के वनपाल नाका जीरावल में वनरक्षक के पद पर तैनात थी। एसओजी ने जांच के बाद आरोपी महिला को 30 जून को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा वर्ष 2022 में वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 आयोजित की गई थी। प्रमिला का परीक्षा केंद्र 13 नवंबर 2022 को बीएन कॉलेज, कांकरोली (राजसमंद) में आया था। प्रमिला ने खुद परीक्षा देने के बजाय अपने स्थान पर एक डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठा दिया। परीक्षा में चयन होने के बाद नौकरी जॉइन कर ली।
एसओजी की जांच में सामने आया कि प्रमिला ने रीट भर्ती परीक्षा-2021 में अपनी जगह डमी अभ्यर्थी की फोटो लगाकर परीक्षा दिलवाने की कोशिश की थी। हालांकि, तब परीक्षा से ठीक पहले ही जयपुर के सिंधी कैंप थाना पुलिस ने प्रमिला और डमी अभ्यर्थी को दबोच लिया था। इस संबंध में सिंधी कैंप थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
वनपाल भर्ती में दस्तावेज सत्यापन और पुलिस वैरिफिकेशन के दौरान प्रमिला ने रीट परीक्षा के दौरान दर्ज मुकदमे की बात छुपाई और वनरक्षक के पद पर नौकरी हासिल कर ली। एसओजी के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला वनरक्षक से गहन पूछताछ की जा रही है। इस पूछताछ में परीक्षा में बैठने वाली मुख्य डमी अभ्यर्थी और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य दलालों के नामों का खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।