https://www.patrika.com/rajasthan-news/
जया गुप्ता / जयपुर। अगस्त का दूसरा पखवाड़ा शुरू होने के बावजूद छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं होने से असमंजस का माहौल बनता जा रहा है। प्रदेश के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों व कॉलेजों के विद्यार्थी छात्रसंघ चुनाव के इंतजार में हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने अभी तक छात्रसंघ चुनाव की तारीख घोषित नहीं की है।
छात्रसंघ चुनाव की पूरी प्रक्रिया कम से कम दस दिन की होती है। केवल राज्यपाल इसकी घोषणा कर पांच दिन में करवा सकते हैं। अगर तीन दिन में तारीख घोषित नहीं हुई तो इस माह चुनाव होना मुश्किल हो जाएगा। जबकि नियमानुसार चुनाव अगस्त महीने में ही होने चाहिए। गौरव यात्रा के कारण अभी तक चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई थी। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के निधन का असर भी चुनाव पर देखने को मिल सकता है।
मंत्री ने की थी जल्द ही तारीख की घोषणा
गौरतलब है कि राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रा छात्रावास के भवन का लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने छात्रसंघ चुनाव पर स्थिति स्पष्ट करते हुए जल्द ही तारीख घोषित करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि चुनाव इसी माह होंगे। चुनाव की तारीख भी जल्द ही घोषित कर दी जाएगी। इसी के साथ उन्होंने स्पष्ट किया था कि जिस स्थान पर सीएम की गौरव यात्रा होगी वहां चुनाव बाद में करवाए जा सकते हैं।
झेलना पड़ा एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का विरोध
छात्रा छात्रावास के भवन का लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं का भारी विरोध झेलना पड़ा था। शिक्षा मंत्री के आने की सूचना पर एनएसयूआई के कार्यकर्ता मुख्य द्वार पर एकत्रित हो गए थे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ताओं ने छात्र संघ चुनावों की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया था।