
जयपुर। हल्की बारिश ने एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। शनिवार को करीब छह बजे जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर जलधारा पुलिया के फुटपाथ का बड़ा हिस्सा धंस गया। करीब 5 फीट गहरा और इतने ही फीट परिधि का गढ्ढा हो गया। जेडीए अधिकारी गढ्ढे को देर रात तक सही करने में लगे रहे। गढ्ढे के आस पास का बड़ा हिस्सा अंदर से खोखला भी हो गया। जिससे उसके आस पास पत्थर लगाकर आवाजाही रोकी गई।
इससे पहले सूचना मिलते ही जेडीए अधिकारी मौके पर पहुचें और धंसे हुए हिस्से को सही करना शुरू कर दिया। जेडीए के अधिकारियों ने बताया कि फुटपाथ का बड़ा हिस्सा और कुछ हिस्सा सड़क का धंस गया था। लोगो की सुरक्षा को देखते हुए एक लेन पर आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया और बाकी दो लेन पर यातायात सुचारू रहा। अतिरिक्त मुख्य अभियंता वीएस सुंडा ने बताया कि पुलिया से पानी नीचे उतरने के लिए जो रपट बनी थी उससे पानी की निकासी ठीक से नही हो रही थी और पानी अंदर जा रहा था। इस वजह से गढ्ढा हो गया।