
आईएएस शिखर अग्रवाल (पत्रिका फाइल फोटो)
जयपुर। आइएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल के 64 विला और कॉटेज खरीदने को लेकर चर्चा में आए अनंता रिसोर्ट से जुड़ा एक और जमीन विवाद सामने आया है। पश्चिम बंगाल निवासी महेंद्र कुमार सोनी ने रिसोर्ट की जमीन में उनका खरीदा हुआ प्लॉट मिला लेने का आरोप लगाते हुए बनीपार्क थाने में एफआइआर दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जांच के बाद मामले को सिविल प्रकृति का बताते हुए एफआर पेश कर दी। परिवादी ने इसे अदालत में चुनौती दी। इसके बाद बनीपार्क थानाधिकारी ने भी उच्चाधिकारियों के निर्देशों का हवाला देते हुए फाइल दोबारा जांच के लिए मांगी। इस पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम-1, जयपुर महानगर द्वितीय की अदालत ने मामले की फाइल अग्रिम अनुसंधान के लिए पुलिस को लौटा दी।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब एसीबी ने शिखर अग्रवाल और गोयल फैशन्स के खिलाफ 64 विला प्रकरण में एफआइआर दर्ज की है। उस मामले में अनंता रिसोर्ट में शिखर अग्रवाल के बेटों के नाम 24 विला और कॉटेज खरीदने के आरोप हैं। हालांकि, महेंद्र कुमार सोनी की शिकायत के आरोप अलग हैं और अदालत का अग्रिम अनुसंधान का आदेश इसी जमीन विवाद से संबंधित है।
पुलिस ने 21 नवंबर 2025 को अदालत में एफआर पेश की थी। इसमें कहा गया कि मूल खरीदार शिवस्वरूप वशिष्ठ ने मौखिक सहमति से प्लॉट का कब्जा कंपनी को दे दिया था। परिवादी ने केवल प्लॉट का टाइटल खरीदा है और विवाद सिविल प्रकृति का है। परिवादी ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल एक आरोपी से पूछताछ की गई, जबकि गोयल फैशन्स और उसके निदेशक संजय गोयल से पूछताछ नहीं की गई।
सुनवाई के दौरान अभियोजन अधिकारी ने अदालत को बताया कि अपराध शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस के 11 फरवरी 2026 और 13 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के तहत मामले में उठाए गए बिंदुओं पर जांच की जानी है। ऐसे में फाइल अग्रिम अनुसंधान के लिए वापस दी जाए। इस पर अदालत ने फाइल पुलिस को लौटा दी।
पश्चिम बंगाल निवासी महेंद्र कुमार सोनी ने 1 सितंबर 2025 को परिवाद के आधार पर बनीपार्क थाने में एफआइआर दर्ज करवाई थी। इसमें रवि सूर्या डवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशक रविन्द्र प्रताप, मैसर्स गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक संजय गोयल को नामजद किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 500 वर्गगज के प्लॉट को अनंता नाम से बने होटल और रिसोर्ट में मिला लिया गया।
शिकायत के अनुसार, प्लॉट बेचने के बाद भी कंपनी ने कॉलोनी की जमीन और सड़कों को अपना बताते हुए कथित तौर पर राजस्व अधिकारियों के समक्ष दस्तावेज पेश किए। इसके आधार पर पूरी जमीन को रिसोर्ट यानी पर्यटन इकाई में परिवर्तित करवा लिया गया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
25 Nov 2026, 8:55 AM IST
Published on:
25 Nov 2026, 8:55 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




