25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / ‘मुझ पर भी गाज गिरती है तो स्वागत करूंगा’, पंचायत चुनाव में BJP की हार के बाद किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा बयान

‘मुझ पर भी गाज गिरती है तो स्वागत करूंगा’, पंचायत चुनाव में BJP की हार के बाद किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा बयान

Kirodi Lal Meena: पंचायत चुनाव में प्रदर्शन और सरकार के मंत्रियों की परफॉर्मेस को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि किसी भी मंत्री की परफॉर्मेंस कमजोर रही हो, चाहे वे खुद ही क्यों न हों, गाज गिरती है तो मैं उसका स्वागत करूंगा।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 25 Nov 2026, 8:11 AM IST

kirodi lal meena

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा (फोटो- पत्रिका)

जयपुर। पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में हार की जिम्मेदारी और संगठनात्मक बदलाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पंचायत चुनाव में प्रदर्शन और सरकार के मंत्रियों की परफॉर्मेस को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि किसी भी मंत्री की परफॉर्मेंस कमजोर रही हो, चाहे वे खुद ही क्यों न हों, गाज गिरती है तो मैं उसका स्वागत करूंगा। उधर, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी जवाबदेही तय करने और कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने साफ कहा कि कार्रवाई से वे भी बचे हुए नहीं है। साथ ही संगठन में बदलाव का फैसला केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया।

जयपुर के सवाईमानसिंह अस्पताल में मीडिया से बातचीत में मंत्री मीणा ने हरियाणा मॉडल और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई देते हुए सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व रणनीति बनाने में माहिर है। बंगाल, बिहार और हरियाणा में भी भाजपा की वापसी की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पार्टी वहां लौटी। राजस्थान में भी भाजपा प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी। मीना ने कहा उनका मतलब नेतृत्व परिवर्तन से नहीं था। मुख्यमंत्री के प्रति अविश्वास का कोई कारण नहीं है। पंचायत चुनाव में हार की बड़ी वजह निचले स्तर की ब्यूरोक्रेसी (जेईएन, ग्राम सेवक और पटवारी) रही। हम उन्हें ठीक तरह से सक्रिय नहीं कर पाए।

जवाबदेही तय होगी, राठौड़ बोले… हम भी कार्रवाई से बचे हुए नहीं

प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने संकेत दिए हैं कि हार की जिम्मेदारी सबकी है और कार्रवाई होगी। कार्रवाई के सवाल पर हम भी बचे हुए नहीं हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से कहा कि हमारा काम है कि जिस मोर्चे पर सैनिक को भेजा जाए, वह वहां दायित्व निभाए। किसे भेजना है, यह सेनापति का काम है। उनके इस बयान को संगठन में संभावित बदलाव की जिम्मेदारी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

गहलोत को हॉर्स ट्रेडिंग का अनुभव

कांग्रेस के गोविंद डोटासरा और अशोक गहलोत की ओर से खरीद-फरोख्त की आशंका जताने पर राठौड़ ने पलटवार किया। उन्होंने भरतपुर जिला परिषद मामले में कहा कि डोटासरा बिना बॉल के फुटबॉल खेल रहे हैं और गोली चलाने की बात कर भुजाएं फड़काते हैं। राठौड़ ने आरोप लगाया कि गहलोत ने दो बार बसपा का हाथी डकार कर सरकार बनाई थी।

राज्यवर्धन पहुंचे, भाटिया से मुलाकात

प्रदेश कार्यालय में उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के पहुंचने की खूब चर्चा रही। उन्होंने प्रदेश प्रभारी महामंत्री संजय भाटिया से मुलाकात की। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में इनके झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को बड़ी हार मिली है। माना जा रहा है कि भाटिया ने इसी मामले में चर्चा की है।

प्रदेश प्रभारी की किरोड़ी के बयान पर सफाई भाटिया बोले… हरियाणा में नेतृत्व बदलने जैसी कोई बात नहीं थी

भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर दिए गए बयान पर सफाई दी।प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि हरियाणा में स्वेच्छा से टीम को लेकर विचार करने की बात कही गई थी। इस पर विचार करने के लिए कहा गया था। वहां इस तरह के चुनाव नतीजे भी नहीं थे। भाजपा ने लगातार तीसरी बार अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसा कुछ नहीं था कि किसी को बदला गया हो। भाटिया ने कहा कि वे पूरी प्रक्रिया के साक्षी रहे हैं।

भाटिया ने पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि वे हर चीज में अच्छाई ढूंढते हैं। वे पिछले दो दिन से कार्यकर्ताओं के बीच हैं। सभी अपने मन की बात रख रहे हैं, लेकिन कोई भी हतोत्साहित नहीं है। जहां कोई कमी है, वहां बदलाव के लिए भी तैयार हैं। भाजपा के अनुशासन की तुलना राम और भरत के प्रसंग से करते हुए कहा कि जिसे जिम्मेदारी दी जाती है, वह उसे निभाने के लिए तैयार रहता है। कांग्रेस में गहलोत को हटाने की बात आई तो विधायकों ने केंद्र के फैसले को नहीं माना और विधायकों को बंधक बनाने जैसी स्थिति बनी थी।